Himachal Express: हिमाचल दौरे पर पहुंचे JP नड्डा, कुल्लू की सीमाएं सील, पढ़िए बड़ी खबरें

Edited By Ekta, Updated: 07 Oct, 2019 05:58 PM

himachal express

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बिलासपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया। बता दें कि नड्डा के हिमाचल दौरे को लेकर नयना देवी विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा...

शिमला: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बिलासपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया। बता दें कि नड्डा के हिमाचल दौरे को लेकर नयना देवी विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा नजर आया। अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जिला की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। इतना ही नहीं एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर आधा दर्जन से अधिक अस्थाई चौकियां स्थापित की हैं। पुलिस ने बजौरा, हाथीथान, रामशिला, पारला भुंतर लारजी में अस्थाई चौकियां में पुलिस की टीमों को तैनात कर दिया गया है। तो अब एक क्लिक में पढ़िए अब तक की बड़ी खबरें।    

JP नड्डा ने परिवार सहित नयना देवी के दरबार नवाया शीश
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल दौरे के दौरान अपनी कुलदेवी माता श्री नयना देवी के दरबार में परिवार सहित पहुंचे। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। यहां मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डाली। इसके बाद मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर न्यास की तरफ से जिलाधीश बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने माता की चुनरी और फोटो भेंट करके मंदिर न्यास की तरफ से उनका स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि वह मां नयना के दरबार में नवरात्र पूजन के लिए पहुंचे हैं। माता रानी की असीम कृपा उन पर रही है। 

रुक्सत होने से पहले अगले 3 दिन प्रदेश में बरसेगा मॉनसून
प्रदेश में मॉनसून अब अपने अंतिम दौर में है लेकिन रुखसत होने से पहले अगले तीन दिन तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। सामान्य तौर पर हिमाचल में मॉनसून 30 सिंतबर तक रहता है। लेकिन इस बार मॉनसून देरी से पहुंचने के चलते विदा भी थोड़ी देरी से ही होगा। पिछली मर्तबा मॉनसून 4 अक्टूबर को विदा हुआ था। लेकिन इस मर्तबा पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए मॉनसून देरी से रुक्सत हो रहा है। हिमाचल में मॉनसून इस हफ्ते विदा होगा। विदाई से पहले प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इस बार हिमाचल में मॉनसून की बारिश सामान्य रही।  

जाखू मंदिर में मुस्लिम कारीगर बना रहे रावण का 45 फुट ऊंचा पुतला
बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व दशहरे को लेकर शिमला में रावण दहन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दशहरे को शिमला के जाखू और संकट मोचन में रावण के पुतले का दहन होगा। जाखू मंदिर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रिमोट का बटन दबाकर रावण का दहन करेंगे। रावण दहन के लिए बनाए जा रहे पुतले का निर्माण मुस्लिम समुदाय से संबंध रखने वाले कारीगर कर रहे हैं जो अपने आप में अलग बात है। पंजाब के मोगा से आए मुस्लिम कारीगर शहनवाज सहित अन्य इन पुतलों को बना रहे हैं। 

दिल्ली में राज्य मंत्री से मिले CM जयराम
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार सायं नई दिल्ली में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यटन और संस्कृति प्रहलाद सिंह पटेल से भेंट की। इस दौरान जयराम ने वैश्विक निवेशकों से मिलने और पर्यटन पर आयोजित होने वाले सत्र की अध्यक्षता करने के लिए प्रहलाद सिंह पटेल को धर्मशाला आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि राज्य निवेशकों को आकर्षित करने और राज्य में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 व 8 नवम्बर, 2019 को धर्मशाला में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 

मरीजों को राहत, जयराम सरकार ने नि:शुल्क किया ब्रेन स्ट्रोक का 60 हजार वाला इंजैक्शन
सरकार ने मरीजों की सुविधा के लिए अस्पतालों में ब्रेन स्ट्रोक से बचने के लिए 60,000 रुपए का इंजैक्शन नि:शुल्क किया है। अब ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों का इलाज आसानी से हो पाएगा। इससे पहले मरीजों को ज्यादा पैसे खर्च कर यह इंजैक्शन बाहर से खरीदना पड़ता था। ऐसे में बदलते परिदृश्य में ब्रेन स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ते देखकर सरकार ने टी.पी.ए. यानी टिशू प्लांट एक्टिवेशन इंजैक्शन अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध करवाया है। प्रदेश में आई.जी.एम.सी. के अलावा 17 ऐसे स्वास्थ्य केंद्र हैं, जहां ब्रेन स्ट्रोक का इलाज संभव है।  

हाथ में तिरंगा लिए 13 हजार KM की पैदल यात्रा पर निकला ये शख्स
जहां युवा पीढ़ी आरामदायक जिंदगी को जीने के लिए दिन-रात एक कर रही है वहीं एक युवक ग्लोबल वार्मिंग को लेकर 13 हजार KM की यात्रा पर पैदल निकला है। दरअसल हरियाणा के फरीदाबाद का युवा (25) मैकेनिकल इंजीनियर ग्लोबल वार्मिंग व युवाओं में एकता व फिटनेस का संदेश देने के लिए हाथ में तिरंगा लिए हुए जम्मू से कन्याकुमारी तक 13000 किलोमीटर की पैदल यात्रा करने पर निकला है। रविवार को अरुण मित्तल शिमला पहुंचे और रिज मैदान पर लोगों को ग्लोबल वार्मिंग को लेकर जागरूक किया। 

चलती कार में लगी भीषण आग, सड़क पर बेहोश हुआ चालक
हमीरपुर के कांगू-नादौन मार्ग पर बदेड़ा के पास एक चलती कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। बता दें कि घटना के समय कार चालक सड़क पर बेहोश हो गया। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात पनसाई से नादौन की ओर जाते समय बदेड़ा के पास गाड़ी के बोनट से अचानक चिंगारियां निकलने लगी। इस दौरान कार चालक तुरंत बाहर निकल गया। इतना ही नहीं वह आग की लपटें देखकर सड़क किनारे बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने चालक को प्राथमिक उपचार भर्ती करवाया। इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। 

Austria की तुलसी को भाया हिमाचली गबरू
ऑस्ट्रिया के वियना शहर की तुलसी ने पनसाई गांव के गबरू संदीप शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर जिंदगी बसर करने का फैसला लिया है। नवरात्रों की शुभ अवसर पर दोनों ने शादी की। बेटे की पसंद पर खुशी जताते हुए पिता कृष्ण चंद शर्मा ने कहा कि बच्चों की खुशी में माता-पिता की खुशी निहित है। वर्तमान में आसाम राइफल्स में सेवाएं दे रहे पिता कृष्ण शर्मा ने कहा कि बेटे ने अभी कुछ माह पहले ही अपने दिल की बात बताई थी। दूल्हे की माता सुशीला शर्मा कहती हैं कि हमने गांव की शादी की रस्मों को शादी में निभाया। पीपल की पूजा से लेकर जेठेरे पूजन सहित अन्य विधि-विधान निभाए हैं। 

दर्दनाक सड़क हादसा : कार से एक साथ टकराईं 2 बाइकें
अम्ब-ऊना हाईवे के तहत आते चुरुड़ू में हुए सड़क हादसे में बिजनौर (यूपी) के एक युवक की मौत हो गई और 3 जख्मी हुए हैं। सड़क हादसे में मौत का शिकार हुआ युवक बीटैक का छात्र था और 3 घायल हुए युवक भी बीटैक के छात्र हैं। वे सभी चंडीगढ़ के नजदीक पड़ते लांडरां में स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ते हैं। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। 

बगलामुखी के दरबार में नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने नवाया शीश
प्राचीन सिद्ध पीठ मां बगलामुखी देवी बनखंडी के दरवार में हिमाचल के प्रसिद्ध नाटी कलाकार कुलदीप शर्मा ने शीश नवाया। कुलदीप शर्मा दोपहर के समय मां बगलामुखी के दरबार में पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने मां बगलामुखी देवी के मंदिर में पूजा- अर्चना कर देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उसके बाद उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में भी जाकर शीश नवाया। उन्होंने महामाई का गुणगान करते हुए बताया कि हाल ही में महामाई की कृपा से बॉलीवुड में हिमाचल की नाटी की प्रस्तुति जल्दी ही आपके सामने होगी। 

धर्मशाला में पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम में छलकी सांसद किशन कपूर के मन की पीड़ा
धर्मशाला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया के समर्थन में आज पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद किशन कपूर भी विशेष रूप से पहुंचे थे, वहीं पार्टी प्रत्याशी विशाल नैहरिया भी मौजूद रहे। इस दौरान अपने संबोधन में उनके मन की पीड़ा छलक गई। उन्होंने कहा कि मैं बीमार हूं, यहां बड़ी मुश्किल से खड़ा हूं। इस कार्यक्रम में अपने मन की पीड़ा को बयां करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग लिख रहे हैं कि बड़े नेता, जब दूसरों को टिकट मिलता है तो बीमार पड़ जाते हैं, मेरे खिलाफ दुष्प्रचार हो रहा है, इस किस्म की बातें की जा रही हैं।  

पालमपुर में शीप शेयररों का प्रदर्शन, SDM को सौंपा ज्ञापन 
वूल फैडरेशन के अधीन कार्य कर रहे शीप शेयररों की चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते घुमंतू भेड़ पालकों को आ रही समस्याओं तथा शिप शेयरर की मांगों को पूरा न करने के रोष में सोमवार को पालमपुर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश भर से आए कई भेड़ पालकों ने रोष रैली में भाग लिया। बाद में उन्होंने एसडीएम पालमपुर के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन भी सौंपा। एसडीएम पंकज शर्मा ने कहा कि भेड़ पालकों की इस मांग को सरकार तक पहुंचाएंगे।  

ऊना में एक व्यवसायी के घर में रिवाल्वर की नौंक पर दिनदहाड़े डकैती
ऊना शहर के साथ लगते गांव भड़ोलियां में अज्ञात नकाबपोश ने एक बड़े व्यवसायी के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। दरअसल ऊना के व्यवसाई केडी शर्मा के घर में ही बनाए गए कार्यालय में रोजाना की तरह कैशियर कैश काउंट कर रहा था। इसी दौरान एक नकाबपोश कार्यालय के पीछे बनी दीवार फांदकर अंदर घुसा और रिवाल्वर की नौंक पर कैशियर से कैश छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान कैशियर ने नकाबपोश की रिवालर पर हाथ डालने का प्रयास किया। जिसके बाद नकाबपोश के हाथ सिर्फ 30-35 हजार रुपए कैश ही लग पाया। 

बाबा बालक नाथ के बाद पीर निगाह जा रहे श्रद्धालुओं की कार निजी बस से टकराई
थानाकलां भाखड़ा रोड पर प्राईमरी स्कूल के समीप मोड पर एक निजी बस तथा कार के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार चार लोगों को चोटें आईं हैं। उनको थानाकलां सी.एच.सी.मे उपचार दिलाया गया। यह दुर्घटना सोमवार को सुबह साढे 10 बजे के करीब हुई। बंगाणा पुलिस उक्त दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन करने मे जुट गई। 

बुलंद हौसले को सलाम: ISRO में जियोस्टेशनरी सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल बना रहा मंडी का प्रषुम्न
हौसले बुलंद हो तो मौत का खौफ भी मंजिल के आड़े नहीं आता। ऐसा ही कुछ मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गवारड़ू गांव के 23 वर्षीय प्रषुम्न ने कर दिखाया। प्रषुम्न भारत सरकार की प्रतिष्ठित स्पेस एजैंसी इसरो के लिए जिओस्टेशनरी लॉन्च व्हीकल बना रहा है। इसरो में चयनित होने के बाद प्रषुम्न पहली बार अपने घर मंडी पहुंचा, जहां परिजनों सहित स्थानीय लोगों ने उसका स्वागत किया। द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर भी प्रषुम्न को बधाई देने समारोह में पहुंचे और शॉल व टोपी पहनाकर उनका स्वागत किया।  

दर्दनाक हादसा: लोहे की चदर से जबरदस्त टकराया बाइक सवार
हिमाचल प्रदेश में हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन प्रदेश में दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वहीं ताजा घटनाक्रम में मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र के सध्यानी में सामने आया है। जहां एक बाइक के अनियंत्रित हो जाने से बाइक सवार लोहे की चदर से जा टकराया। जिस कारण उसके गले में चोट लग गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार एक युवक बाइक (एचपी31बी4826) पर सवार होकर जाहु से नेरचौक की तरफ जा रहा था की बल्ह के सध्यानी में बाइक अनियंत्रित हो गई। जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं स्थानीय लोगो ने घटना की सुचना पुलिस को दी तो रिवालसर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले जांच शुरू कर दी है। 

दशहरा उत्सव के लिए कुल्लू पहुंचे देवी-देवता
मंगलवार यानि 8 अक्तूबर से शुरू होने वाले अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के लिए घाटी के देवी-देवताओं ने भी कूच किया है। इस महाकुंभ में सभी देवी-देवता अपनी हाजिरी भरेंगें। वहीं राज परिवार की कुलदेवी माता हिडिम्बा भी मनाली से अपने लाव-लश्कर के साथ अन्तर्राष्ट्रीय दशहरा के लिए निकल पड़ी हैं। उनके आगमन से अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का आगाज होता है। दशहरा उत्सव में भाग लेने के लिए सैंकड़ों देवी-देवता कुल्लू पहुंच गए हैं। कुल्लू पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रंबंध किए गए हैं। 

Fake CID Officer और 3 करोड़ की पर्चियों सहित 2 गिरफ्तार
कुल्लू जिला के भुंतर में पुलिस टीम ने होटलों की जांच के दौरान एक व्यक्ति को फर्जी सीआईडी बताने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वही, दूसरे मामले में पुलिस को 1 व्यक्ति से लॉटरी की तरह प्रयोग में लाई जाने वाली 3 करोड़ की पर्चियों मिली है। जिसके चलते पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस टीम को जांच के दौरान बताया कि वो सीआईडी से है। 

कुल्लू दशहरा उत्सव को लेकर जिला की सीमाएं सील
अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने जिला की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। इतना ही नहीं एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर आधा दर्जन से अधिक अस्थाई चौकियां स्थापित की हैं। पुलिस ने बजौरा, हाथीथान, रामशिला, पारला भुंतर लारजी में अस्थाई चौकियां में पुलिस की टीमों को तैनात कर दिया गया है। यह टीमें आने जाने वाली सभी वाहनों की बारिकी से चेकिंग कर रही है। दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों के नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं। कुल्लू में कहां जाना है उस जगह का नाम भी दर्ज किया जा रहा है। 

जहर उगल रही पांवटा साहिब में चल रही फैक्ट्री
पांवटा साहिब में बद्रीपुर पंचायत में समीप चल रही एक अवैध फैक्ट्री को स्थानीय पंचायत के लोगों द्वारा ने बंद करवाने का मामला सामने आया है। एलुमिनियम पिघलाकर ब्रिक्स बनाने वाली यह फैक्ट्री रात होते ही धुआं छोड़ती थी। बीती रात भी फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में दम घोंटने वाला दुआ निकला तो लोगों के सब्र का बांध टूटा। बद्रीपुर पंचायत के प्रधान सहित दर्जनों लोग फैक्ट्री परिसर में पहुंचे और उन्होंने प्लांट को बंद करवा दिया। 

पच्छाद में वरिष्ठ कांग्रेसी नेतओं ने संभाली प्रचार की कमान
पच्छाद में उपचुनाव के मद्देनजर अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। सराह में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व सीपीएस विनय कुमार के साथ प्रचार किया और कांग्रेस के समर्थन में लोगों से वोट डालने की अपील की। पछाद चुनाव क्षेत्र में बीजेपी नेता पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं। ऐसे में अब कांग्रेसी नेताओं ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व पूर्व कांग्रेस सरकार में सीपीएस रहे विनय कुमार ने सराहा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर के समर्थन में प्रचार किया। 

बिलासपुर में JP नड्डा की अभिनंदन रैली
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल के तीन दिन के दौरे पर हैं। बिलासपुर के लुहणू मैदान में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अभिनंदन रैली हो रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अगुवाई में नड्डा का स्वागत किया गया। 

BJP कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल के पहले दौरे पर पहुंचे JP नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का बिलासपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजों के साथ जोरदार स्वागत किया। बता दें कि नड्डा के हिमाचल दौरे को लेकर नयना देवी विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा नजर आया। जेपी नड्डा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल प्रदेश का यह पहला दौरा है। नयना देवी क्षेत्र को सजाने के लिए कोई कमी नहीं रखी गई।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!