Edited By Vijay, Updated: 24 Jul, 2026 11:09 PM
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। जिले के उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से सवारियों से भरी एक टैक्सी भारी मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गई।
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक भयानक हादसा सामने आया है। जिले के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक हुए भारी भूस्खलन की चपेट में एक सवारी गाड़ी (टाटा सूमो) आ गई। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग सुरक्षित बच निकलने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांगी घाटी के रहने वाले ये यात्री एक सूमो वाहन (HP 01M- 2210) में सवार होकर उदयपुर से पांगी लौट रहे थे। वाहन को बीर सिंह नामक चालक चला रहा था। जैसे ही गाड़ी कडू नाला के समीप पहुंची तो अचानक पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मलबा व बड़ी-बड़ी चट्टानें सीधे वाहन पर आ गिरीं। हादसा इतना अचानक और भयानक था कि चंद सैकेंड में पूरी गाड़ी मलबे के नीचे दफन हो गई और यात्रियों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक उदयपुर-किलाड़ मार्ग गुरुवार को लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया था। इसी वजह से सूमो में सवार सभी यात्रियों को गुरुवार रात तिंदी में ही रुकना पड़ा था। शुक्रवार को जब सड़क पर यातायात बहाल हुआ तो चालक यात्रियों को लेकर पांगी के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में कडू नाला के पास वे इस खौफनाक हादसे का शिकार हो गए।
लाहौल-स्पीति की एसपी शिवानी मेहला ने इस भीषण हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे शवों को बाहर निकाल लिया है।
हादसे में इन लोगों की गई जान
1. आरवी ( 6 माह), पुत्री छेरिंग दोरजे (निवासी चालिंग, करपट, उदयपुर)
2. सोनम आगमो, पत्नी छेरिंग दोरजे (निवासी चालिंग, करपट, उदयपुर)
3. वीर सिंह (चालक), पुत्र लाल चन्द (निवासी शूण, उदीण, पांगी)
4. वीर सिंह (35), पुत्र सूरम चन्द (निवासी घिसल, साच, पांगी)
5. सौरभ सिंह (12), पुत्र वीर सिंह (निवासी घिसल, साच, पांगी)
6. बुद्धि सिंह (46), पुत्र सामल दास (निवासी आंच, पांगी)
7. कमला (40), पत्नी बुद्धि सिंह (निवासी साच, पांगी)
8. अनिल कुमार (26), पुत्र हरी किशन (निवासी साच, पांगी)
9. रेखा, पुत्री महेन्द्र कुमार (निवासी हिलोर, साहली, पांगी)
10. अंजना (24), पुत्री चैन सिंह (निवासी साहली, पांगी)
11. संजय, पुत्र मोहन लाल (निवासी कुमार, पांगी)
12. मंगल चन्द, पुत्र सुखदेव (निवासी चस्क, पांगी)
13. इन्द्र सिंह (42), पुत्र पुनी चन्द (निवासी कुठाह, धरवास, पांगी)
हादसे को लेकर सीएम सहित अन्य नेताओं ने जताया दुख
उधर, इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सुक्खू सहित अन्य नेताओं ने गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की है। सीएम सुक्खू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट सांझा करते हुए लिखा कि पांगी और लाहौल-स्पीति जिले के सीमावर्ती क्षेत्र कडू नाला में एक टाटा सूमो गाड़ी पर चट्टान गिरने से 13 लोगों की मौके पर ही मृत्यु और दो लोगों के घायल होने का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। अपने प्रियजन को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजन को इस असहनीय पीड़ा को सहने का संबल एवं शक्ति प्रदान करें। उपायुक्त लाहौल-स्पीति से बात कर दोनों घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें