Himachal Weather: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार! दिवाली के बाद करवट लेगा मौसम, इन 4 जिलों में बर्फबारी के आसार

Edited By Vijay, Updated: 06 Nov, 2026 07:14 PM

himachal weather update

हिमाचल प्रदेश में रोशनी के महापर्व दिवाली के उत्साह के बीच मौसम का मिजाज एक बड़ी करवट लेने की तैयारी में है। प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए राहत की बात यह है कि 8 नवम्बर को दिवाली के दिन आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और गुनगुनी धूप त्यौहार के आनंद को...

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में रोशनी के महापर्व दिवाली के उत्साह के बीच मौसम का मिजाज एक बड़ी करवट लेने की तैयारी में है। प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए राहत की बात यह है कि 8 नवम्बर को दिवाली के दिन आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और गुनगुनी धूप त्यौहार के आनंद को दोगुना करेगी। हालांकि, दीपोत्सव की रौनक थमते ही पहाड़ों पर मौसम अपना रंग बदलेगा और एक नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के साथ समूचे प्रदेश में ठंड और ठिठुरन का प्रकोप बढ़ जाएगा।

ऊंचाई वाले इलाकों में गिर सकते हैं बर्फ के फाहे 
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 9 नवम्बर तक मौसम पूरी तरह शुष्क और सुहावना बना रहेगा। इसके ठीक बाद यानी 10 नवम्बर से हिमालयी क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 10 से 12 नवम्बर के दौरान राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है। विशेष तौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ के फाहे गिर सकते हैं। वहीं, मैदानी और निचले क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने इस अवधि के दौरान किसी भी क्षेत्र में भारी बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

जनजातीय इलाकों में शून्य के नीचे लुढ़का तापमान
उधर, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले ही प्रदेश के जनजातीय और उच्च पर्वतीय इलाकों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे लुढ़क कर माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह ताबो में पारा 0.2 डिग्री और केलांग में 0.3 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ, जो जमाव बिंदु के बेहद करीब है। प्रमुख पर्यटन स्थलों के तापमान पर नजर डालें तो मनाली में न्यूनतम तापमान 6.1, सोलन में 8.2, कुफरी में 8.5 और राजधानी शिमला में 11.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली बर्फबारी के बाद पर्वतीय इलाकों के तापमान में और अधिक गिरावट आएगी, जिससे प्रदेश में कड़ाके की ठंड का विधिवत आगाज हो जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!