Himachal: आसमान में दिखा चांद तो खिले सुहागिनों के चेहरे, पति के हाथों पानी पीकर खोला करवा चौथ का व्रत

Edited By Vijay, Updated: 29 Oct, 2026 10:08 PM

karwa chauth festival in himachal

हिमाचल प्रदेश में करवाचौथ का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं का दिन भर का निर्जला इंतजार रात 8 बजे के बाद आसमान में चांद के दीदार के साथ खत्म हुआ।

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में करवाचौथ का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं का दिन भर का निर्जला इंतजार रात 8 बजे के बाद आसमान में चांद के दीदार के साथ खत्म हुआ। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में चांद का दीदार होते ही महिलाओं ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उसे अर्घ्य दिया और छलनी से पति का चेहरा देखकर व उनके हाथों से जल ग्रहण कर अपना व्रत खोला। 

शिमला का रिज मैदान बना मुख्य केंद्र, अन्य जिलों में भी रही धूम
पूरे प्रदेश में करवाचौथ की धूम रही, लेकिन राजधानी शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान हर साल की तरह इस बार भी जश्न का मुख्य केंद्र बना रहा। शाम ढलते ही 16 श्रृंगार किए हुए सैंकड़ों सुहागिनें चांद के दीदार के लिए आकर्षक लाइटों से सजे रिज मैदान पर जुटना शुरू हो गई थीं। ऐसा लग रहा था मानो रिज मैदान पर सैंकड़ों चांद एक साथ उमड़ आए हों। शिमला के अलावा कांगड़ा, मंडी, सोलन, हमीरपुर और सिरमौर सहित प्रदेश के सभी जिलों में महिलाओं ने टोलियों में एकत्रित होकर करवाचौथ की पूजा की।

PunjabKesari

दिनभर पार्लरों और बाजारों में रही भीड़, कई जगह हुआ उद्यापन
करवाचौथ को लेकर प्रदेश के सभी छोटे-बड़े शहरों और कस्बों के बाजारों में सुबह से ही भारी रौनक देखने को मिली। महिलाएं दिन भर खरीदारी और सजने-संवरने में व्यस्त रहीं, जिसके चलते ब्यूटी पार्लर पूरी तरह से पैक नजर आए। दिन ढलने पर महिलाओं ने एक साथ बैठकर व्रत कथा का पाठ किया और एक-दूसरे को सरगी व सुहागियां बांटीं। प्रदेश भर में कई महिलाओं ने अपने करवाचौथ व्रत का विधिवत उद्यापन भी किया। इसमें सरगी, मिठाई, वस्त्र, श्रृंगार का सामान और करवा सुहागिनों को दान कर उद्यापन विधि संपन्न की गई।

PunjabKesari

पतियों और कुंवारी युवतियों ने भी रखा व्रत
बदलते समय के साथ हिमाचल में करवाचौथ के स्वरूप में भी काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। अब यह व्रत केवल सुहागिनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अच्छे जीवनसाथी की कामना के लिए अविवाहित युवतियों ने भी यह व्रत रखा। वहीं, बॉलीवुड फिल्मों और टीवी सीरियलों के प्रभाव से पतियों में भी पत्नी के लिए व्रत रखने का क्रेज बढ़ा है। शिमला निवासी ओम प्रकाश और ललित जैसे प्रदेश के कई युवाओं ने इस बात को स्वीकार किया कि वे अपनी पत्नियों के जितना ही इस पर्व को लेकर उत्साहित थे और उन्होंने भी पत्नियों के साथ यह निर्जला व्रत रखकर समानता और प्रेम का संदेश दिया है।

पर्यटन स्थलों पर नवविवाहित जोड़ों के लिए यादगार बना पर्व
करवाचौथ के इस पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भी भारी चहल-पहल देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटकों, विशेषकर नवविवाहित जोड़ों ने दिन भर शिमला, मनाली, डल्हौजी और कसौली जैसे पर्यटन स्थलों की वादियों की सैर की। शाम के समय इन पर्यटक जोड़ों ने भी स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पहाड़ों की ठंडी फिजाओं के बीच चांद का दीदार किया और अपने करवाचौथ को हमेशा के लिए यादगार बनाया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!