Edited By Vijay, Updated: 03 Oct, 2026 03:16 PM

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए शिमला पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए शिमला पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के विशेष सैल की टीम ने एक 25 वर्षीय युवक को करीब 12 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। शातिर तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए नशे की यह खेप सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर ला रहा था।
जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस के विशेष सैल की टीम ने शोघी पुलिस चौकी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। जैसे ही पुलिस टीम चैकिंग के लिए बस के अंदर दाखिल हुई, एक युवक पुलिस को देखकर बुरी तरह घबरा गया। हड़बड़ाहट में उसने अपनी जींस की जेब से कोई वस्तु निकाली और उसे अपने पैरों के नीचे छिपाने की कोशिश की।
युवक की इस संदिग्ध हरकत को देखकर पुलिस टीम सतर्क हो गई। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को काबू किया और उसकी सीट व पैरों के आसपास तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से एक सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई। जब पुलिस ने शक के आधार पर डिब्बी को खोलकर चैक किया तो उसके अंदर एक पारदर्शी पॉलीथीन पाऊच में हल्के भूरे रंग का पाऊडरनुमा पदार्थ मिला। मौके पर जांच करने पर यह पदार्थ चिट्टा पाया गया, जिसका वजन 12 ग्राम निकला। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मयंक नेगटा पुत्र भूपेन्द्र सिंह नेगटा निवासी तहसील चौपाल व जिला शिमला के रूप में की गई है।
इस मामले को लेकर बालूगंज पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुट गई है। इस बात की गहन जांच की जा रही है कि आरोपी नशे की यह खेप कहां से और किससे खरीद कर लाया था और इसे शिमला में आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें