Edited By Kuldeep, Updated: 15 Jul, 2026 07:44 PM

राज्य में पिछले कुछ दिनों से धूप खिलने और मौसम साफ रहने के कारण मैदानी व मध्यम पहाड़ी इलाकों में तापमान में भारी उछाल आया है।
शिमला (संतोष): राज्य में पिछले कुछ दिनों से धूप खिलने और मौसम साफ रहने के कारण मैदानी व मध्यम पहाड़ी इलाकों में तापमान में भारी उछाल आया है। वहीं दूसरी तरफ जनजातीय जिले किन्नौर की चगांव पंचायत के अंतर्गत याशंग गांव में लौदांग पहाड़ का एक विशाल हिस्सा अचानक भरभराकर दरक गया। भारी-भरकम चट्टानें गिरने से हुए तेज धमाकों और कंपन से पूरा इलाका दहल उठा, जिसके बाद घबराए ग्रामीण अपने घरों से बाहर भाग निकले। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीण विजय पाल के खेतों और पेड़ों को भारी नुक्सान पहुंचा है। इसके अलावा गांव को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है और पेयजल पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
प्रदेश में खिल रही धूप के बाद अब तापमान में भी उछाल आया है। कई शहरों में तापमान 30 डिग्री के पार हो गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को ऊना में सबसे अधिक 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंडी और बिलासपुर में 35-35, सुंदरनगर में 34.7, नेरी में 34.5, कांगड़ा और बरठीं में 34.3-34.3, भुंतर में 33.5, चम्बा में 31.6, सोलन में 31 तथा नाहन में पारा 30.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ ही स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
18 से भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 18 से 21 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट रहेगा। इस दाैरान आंधी-तूफान के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।