Edited By Vijay, Updated: 12 Jul, 2026 07:46 PM

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मानसून का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। राज्य में कहीं झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, तो कहीं बारिश न होने से उमस और गर्मी का प्रकोप जारी है।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मानसून का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। राज्य में कहीं झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, तो कहीं बारिश न होने से उमस और गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का यैलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही, नदी-नालों के उफान पर होने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
ऊना में सबसे ज्यादा बरसे मेघ, सुंदरनगर रहा सबसे गर्म
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को राज्य में सबसे अधिक 35.4 मिलीमीटर बारिश ऊना जिले में रिकॉर्ड की गई। अच्छी बारिश के चलते ऊना के अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और पारा 30 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा हमीरपुर में 21 मिलीमीटर, नेरी में 12.5, सुंदरनगर में 4.3 और राजधानी शिमला में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दूसरी तरफ, बारिश कम होने के कारण सुंदरनगर रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक यानी 33.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी शिमला में मौसम सुहावना बना रहा और अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में यैलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का यैलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
13 से 18 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 18 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, इस अवधि के लिए भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी नहीं है। आगामी 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान के स्थिर रहने की संभावना है, लेकिन अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 6 डिग्री सैल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कुछ इलाकों में लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
नदी-नालों और भूस्खलन संभावित पहाड़ी क्षेत्रों में न जाएं लोग
पहाड़ों पर भारी बारिश और भूस्खलन के अलर्ट को देखते हुए राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि वे उफनती नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें