Weather Update: प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय, गाड़ी पर पत्थर गिरने से बच्ची की मौत, 12 तक भारी बारिश का अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 06 Jul, 2026 10:11 PM

shimla weather bad

राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में भारी तबाही और दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आ रही हैं।

शिमला (संतोष): राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिसके चलते राज्य के कई हिस्सों में भारी तबाही और दर्दनाक हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सोमवार सुबह कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग पर स्थित पागल नाले में अचानक भयानक बाढ़ आ गई। बाढ़ के साथ भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री करीब तीन घंटे तक फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए।

इसी बीच जलाशय में पानी की भारी आवक को देखते हुए एनएचपीसी के पार्बती पावर स्टेशन-3 प्रबंधन द्वारा सोमवार पूर्वाह्न 11.30 बजे बांध से सैंज नदी में लगभग 50 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। इसके बाद नदी का कुल जल प्रवाह 52 क्यूमेक तक पहुंच गया है। प्रशासन ने पर्यटकों, श्रमिकों और स्थानीय लोगों को नदी के किनारों से दूर रहने के लिए सायरन और सार्वजनिक घोषणा वाहनों के जरिए सतर्क किया है। उधर, चंबा जिला के भरमौर उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक खबर आई है, जहां रविवार को बणी माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर ढकोग-बणी मार्ग के औरा क्षेत्र के पास पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर गया। इस दुखद हादसे में कार सवार एक 14 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार को प्रदेश के सुंदरनगर में सर्वाधिक 31.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नाहन में 14.8, शिमला में 13, सोलन में 9, नेरी में 4.5 और ऊना में 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने 7 जुलाई को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन जिलों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरैंज अलर्ट, 8 जुलाई को चम्बा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में यैलो अलर्ट, 9 व 10 जुलाई को मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, चम्बा और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी रहेगा।

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!