Weather Update: हिमाचल में मानसून का कहर, चम्बा हादसे में एक की मौत, भारी बारिश का अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 05 Jul, 2026 07:24 PM

shimla weather bad

हिमाचल में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।

शिमला (संतोष): हिमाचल में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 11 जुलाई तक प्रदेश भर में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है। इस बीच भारी बारिश के चलते चम्बा में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक यात्री की जान चली गई है। चम्बा जिले में रविवार सुबह चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेहरा के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। पहाड़ी से अचानक एक बड़ी चट्टान निजी बस पर गिर गई। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे, जो भरमौर में आयोजित शिव पूजन समारोह से लौट रहे थे। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य की राजधानी शिमला में 4 और कांगड़ा में 1.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्य अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा। तापमान की बात करें तो बिलासपुर जिला राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, ऊना में अधिकतम तापमान 33.8 और शिमला में पारा 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। कांगड़ा जिले के घमरूर में सर्वाधिक 84.2, ऊना के अंब व भरवाईं में 60-60, धर्मशाला में 39.2, नैना देवी में 28.2, मुरारी देवी में 26.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

अब आगामी दिनों रहेगा ऑरैंज व यैलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी दिनों के लिए ऑरैंज और यैलो अलर्ट जारी किया है। 6 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिले में भारी बारिश का ऑरैंज अलर्ट व चम्बा, मंडी व शिमला में यैलो अलर्ट, 7 जुलाई को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में ऑरैंज अलर्ट व चम्बा, कुल्लू, मंडी और शिमला में यैलो अलर्ट, 8 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का यैलो अलर्ट और 9 जुलाई को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में यैलो अलर्ट, जबकि 10 और 11 जुलाई को अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावनाएं जताई हैं।

चंद्रभागा नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन की एडवाइजरी
लाहौल-स्पीति में लगातार बारिश के कारण चंद्रभागा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जोबरंग पुल के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। लोगों को हिदायत दी गई है कि यदि पुल के ऊपर से पानी बह रहा हो, तो पैदल यात्री, दोपहिया वाहन या पशुओं की आवाजाही न करें। बता दें कि प्रदेश में इस वर्ष मानसून अपनी सामान्य तिथि से 5 दिन की देरी से 30 जून को पहुंचा है, लेकिन इसके बाद से ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!