Shimla: कमलेश कुमार पंत ने संभाली हिमाचल के प्रशासनिक मुखिया की कुर्सी

Edited By Kuldeep, Updated: 01 Jun, 2026 06:04 PM

shimla kamlesh kumar assumes charge as administrative head

वर्ष 1993 बैच के आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत ने मुख्य सचिव के पद का अतिरिक्त दायित्व संभाल लिया है।

शिमला (कुलदीप): वर्ष 1993 बैच के आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत ने मुख्य सचिव के पद का अतिरिक्त दायित्व संभाल लिया है। उनके पास राजस्व, वन, गृह व सतर्कता के साथ हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व भी रहेगा। इससे पहले संजय गुप्ता प्रदेश के मुख्य सचिव थे, जो गत 31 मई को सेवानिवृत्त हो गए। इस तरह कमलेश कुमार पंत अस्थायी तौर पर मुख्य सचिव पद का दायित्व देखेंगे। अपना पदभार ग्रहण करने पर कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्राथमिकताओं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम को विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर प्री-मानसून बैठक का शीघ्र आयोजन होगा।

आपदा प्रबंधन से जुड़ी विस्तृत कार्य योजना पहले से तैयार है। सरकार का प्रयास रहेगा कि इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुक्सान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में कई परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें कुछ बाहरी एजैंसियों के सहयोग से संचालित की जा रही हैं। विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक की सहायता से भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

आर्थिक चुनौतियों से निपटेगी सरकार
कमलेश कुमार पंत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आर्थिक चुनौतियां पहले भी रही हैं तथा वर्तमान में भी हैं। सरकार इससे निपटने के लिए मजबूत वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकेगा।

मेरे पास जब फाइल आएगी, उसी समय निपटारा होगा
कमलेश कुमार पंत ने कहा कि मेरे पास जब फाइल आएगी, उसका उसी समय निपटारा होगा। उन्होंने कहा कि उनका काम यह नहीं कि कौन सी फाइल पहले निपटानी है, जो फाइल उनके टेबल पर पड़ी होगी उसका तुरंत निपटारा कर दिया जाएगा।

बधाई देने पहुंचे अधिकारी व कर्मचारी
कमलेश कुमार पंत के मुख्य सचिव पद का कार्यभार संभालने के बाद अधिकारी व कर्मचारी उनको बधाई देने पहुंचे। उनके कार्यालय में मिलने वालों का तांता लगा रहा और सबने बारी-बारी उनको बधाई दी।

मुख्यमंत्री के साथ बैठेंगे मुख्य सचिव
प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री के कार्यालय का निर्माण कार्य होना है, जिस कारण सीएम ऑफिस को धरातल तल पर वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री के आसपास मुख्य सचिव भी बैठेंगे, ताकि किस तरह की असुविधा न हो।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!