Shimla: डिपुओं में नहीं होगी दालों की कमी, केंद्र ने हिमाचल की 94,805 क्विंटल मांग को दी मंजूरी

Edited By Kuldeep, Updated: 26 Jul, 2026 04:24 PM

shimla depot dal

हिमाचल के लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने 94,805 क्विंटल दालों के आबंटन को मंजूरी दे दी है।

शिमला (राजेश): हिमाचल के लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने 94,805 क्विंटल दालों के आबंटन को मंजूरी दे दी है। इससे आने वाले समय में डिपुओं में दालों की कमी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने हिमाचल को 37,884 क्विंटल चना दाल, 31,542 क्विंटल मलका और 25,379 क्विंटल उड़द दाल आबंटित की है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने आबंटन से संबंधित फाइल राज्य सरकार की स्वीकृति के लिए भेज दी है। अंतिम मंजूरी मिलते ही दालों की खरीद और परिवहन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद प्रदेश के होलसेल गोदामों में स्टॉक पहुंचने के साथ ही चरणबद्ध तरीके से सभी डिपुओं तक आपूर्ति की जाएगी।

प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 5,000 से अधिक उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 19 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बाजार से कम कीमत पर चना दाल, मलका और उड़द दाल उपलब्ध कराई जाती है। नए आबंटन से आने वाले महीनों में भी डिपुओं में दालों की नियमित उपलब्धता बनी रहने की उम्मीद है। वर्तमान में बीपीएल परिवारों को चना दाल 61 रुपए, मलका 67 रुपए और उड़द दाल 78 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से मिल रही है। एपीएल परिवारों के लिए चना दाल 66 रुपए, मलका 72 रुपए और उड़द 94 रुपए प्रति किलोग्राम उपलब्ध है।

एपीएल टैक्स पेयर श्रेणी के उपभोक्ताओं को चना दाल 76 रुपए मलका 97 रुपए और उड़द दाल 114 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से दी जा रही है। हालांकि नए आबंटन के बाद दालों की दरों में कोई बदलाव होगा या नहीं इसका अंतिम फैसला राज्य सरकार की मंजूरी के बाद लिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि प्रदेश की मांग के अनुरूप केंद्र सरकार से दालों का आबंटन हो गया है। अब प्रस्ताव को राज्य सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!