Edited By Kuldeep, Updated: 19 Sep, 2026 06:53 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि दिल्ली में वर्ष 1961 से काम कर रही मंडी जन कल्याण सभा की 6 दशक से अधिक की यात्रा गौरवशाली रही है।
शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि दिल्ली में वर्ष 1961 से काम कर रही मंडी जन कल्याण सभा की 6 दशक से अधिक की यात्रा गौरवशाली रही है। उन्होंने कहा कि संस्था की तरफ से मंडी और हिमाचली लोगों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा एवं नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन करने के अलावा समाज कल्याण के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। जयराम ठाकुर दिल्ली में मंडी जन कल्याण सभा की तरफ से आयोजित सैर महोत्सव कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मंडी जन कल्याण सभा का सांझा मंच सहयोग, एकता एवं सामूहिक भावना को मजबूत करने का निरंतर प्रयास है। इसके माध्यम से मंडी और हिमाचल के अपने लोगों की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए प्रशंसनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 6 दशक से निरंतर सामाजिक, चिकित्सा, राहत और सांस्कृतिक सेवा में संस्था ने जो प्रतिष्ठा और पहचान बनाई है, उसका यह कारवां आने वाले समय में और ऊंचाइयों तक पहुंचना चाहिए।
दिल्ली विश्वविद्यालय में विद्यार्थी परिषद की जीत ऐतिहासिक
जयराम ठाकुर ने पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि देश के युवाओं और विशेषकर नई पीढ़ी के विश्वास की जीत है। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने वाले छात्र संगठन के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय और अब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में मिली जीत यह दर्शाती है कि देश का युवा राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सकारात्मक विचारों के साथ खड़ा है।