Edited By Vijay, Updated: 19 Sep, 2026 11:17 AM

हिमाचल प्रदेश में चल रहे सेब सीजन के दौरान मंडियों में पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए राज्य कृषि विपणन बोर्ड एक्शन मोड में आ गया है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में चल रहे सेब सीजन के दौरान मंडियों में पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए राज्य कृषि विपणन बोर्ड एक्शन मोड में आ गया है। बोर्ड के कड़े निर्देशों के बाद एपीएमसी शिमला, किन्नौर और सोलन ने अपनी-अपनी सेब मंडियों में औचक निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। इस चैकिंग अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए अब तक कुल 12 कमीशन एजैंटों (आढ़तियों) के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार एपीएमसी सोलन की ओर से नियमों को ताक पर रखने वाले 7 कमीशन एजैंटों के चालान काटे गए हैं। वहीं, एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर की टीम ने भी कार्रवाई करते हुए 5 कमीशन एजैंटों के खिलाफ चालान किए हैं। बोर्ड का स्पष्ट उद्देश्य है कि मंडियों में सेब की खरीद-फरोख्त तय सरकारी नियमों के तहत ही हो।
किसानों के लिए एडवाइजरी, यूनिवर्सल कार्टन का ही करें इस्तेमाल
कमीशन एजेंटों पर कार्रवाई के साथ-साथ कृषि विपणन बोर्ड ने बागवानों और किसानों के लिए भी एक अहम एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने किसानों से अपील की है कि वे मंडियों में अपनी सेब की फसल केवल यूनिवर्सल कार्टन में ही पैक करके लाएं। इसके अलावा, किसानों को ये भी निर्देश दिए गए हैं कि सेब की ग्रेडिंग सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही की जाए, ताकि बिक्री प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके और उन्हें अपनी उपज का सही दाम मिल सके।
अनियमितता होने पर व्हाट्सएप पर करें शिकायत
मंडियों में बागवानों और किसानों को किसी भी तरह के शोषण या परेशानी से बचाने के लिए कृषि विपणन बोर्ड ने एक त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली भी शुरू की है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि मंडी परिसर में बागवानों और किसानों को किसी भी प्रकार की अनियमितता, मनमानी या नियमों का उल्लंघन देखने को मिलता है, तो वे तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने एक व्हाट्सएप नंबर 94591-72727 जारी किया है। बागवान और किसान इस नंबर पर सीधे अपनी शिकायत भेज सकते हैं, जिस पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें