Edited By Kuldeep, Updated: 15 Sep, 2026 09:29 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हुए समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सभी संबंधित राज्यों का आभार जताया है।
शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हुए समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सभी संबंधित राज्यों का आभार जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना में संबंधित राज्यों में कांग्रेस और दूसरे दलों की सरकारें रहने के कारण देरी हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को इस मामले में अपनी पीठ थपथपाने की बजाय केंद्र सरकार का आभार जताना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से अन्य राज्यों ने हिमाचल प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना के क्रियान्वयन पर आगे बढ़ने की सहमति दी। अब दिल्ली द्वारा 75 फीसदी खर्च वहन करने एवं राजस्थान की तरफ से 25 फीसदी खर्च वहन करने पर सहमति जताई गई है, जिसके बाद इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। उन्होंने
आरोप लगाया कि जब तक दिल्ली में इंडी ब्लॉक की आम आदमी पार्टी की सरकार और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी, तब तक वे पानी के बदले अपनी हिस्सेदारी पर सहमत नहीं हो रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली और राजस्थान में भी उस समय भाजपा की सरकार रही होती तो यह परियोजना अब तक काफी आगे बढ़ गई होती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की झूठ बोलने की आदत है, इसलिए वह पूर्व सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। यह समझौता मुख्यमंत्री के बस में होता तो 4 साल का समय नहीं लगता।