ब्लॉक कांग्रेस ने जड़ा आरोप, कहा-बिना सहमति थोपा प्रत्याशी, बड़े नेता मनाते रहे पिकनिक (Video)

Edited By Vijay, Updated: 27 Oct, 2019 02:07 PM

धर्मशाला उपचुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में चल रहा घमासान और बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस हाईकमान द्वारा बीते दिन भंग की गई धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

धर्मशाला (जिनेश): धर्मशाला उपचुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में चल रहा घमासान और बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस हाईकमान द्वारा बीते दिन भंग की गई धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष से हटाए गए राजेश कपूर ने कहा कि उपचुनाव में ब्लॉक कांग्रेस की सहमति के बिना हाईकमान ने विजय इंद्र कर्ण को पार्टी प्रत्याशी के रूप में कार्यकर्ताओं पर थोप दिया जबकि विजय इंद्र कर्ण को यहां की जनता जानती तक नहीं थी।

जिन नेताओं ने किया भितरघात, कमेटी बनाकर करवाएं जांच

उन्होंने मांग की है कि उपचुनाव में जिन नेताओं ने भितरघात किया है, कमेटी बनाकर इस बात की जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि हार का ठीकरा केवल ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों पर फोड़ा जा रहा है जबकि उपचुनाव में प्रचार से लेकर समन्वय की जिम्मेदारी संभालने वाले बड़े नेता बताएं कि उन्होंने इस दौरान पार्टी के लिए क्या काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक महज होटलों में बैठकर पिकनिक मनाते रहे और प्रत्याशी की जीत के लिए कुछ नहीं किया।

पार्टी प्रत्याशी ने निचले क्षेत्रों में नहीं किया कार्य

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि उपचुनावों से पहले 12 जोनों की रिपोर्ट प्रदेशाध्यक्ष को भेजी थी तथा जब धर्मशाला में उपचुनावों को लेकर बैठक हुई उसमें न ही ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष को और न पदाधिकारियों को बुलाया गया। पार्टी प्रत्याशी पर यह भी आरोप लगाया कि पार्टी प्रत्याशी ने निचले क्षेत्रों में चुनाव के दौरान कोई भी कार्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि एक बूथ पर कांग्रेस को 8 वोट मिले हैं तो उसमें जिम्मेदारी शीर्ष नेताओं की होनी चाहिए थी। इस दौरान पूर्व यूथ प्रदेश सचिव मणिमहेश जोहड़ा, धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व महासचिव शुभम सूद व पूर्व कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

मनीष होने चाहिए थे निष्कासित : मैनी

धर्मशाला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अक्षित मैनी ने उपचुनावों में मिली हार का ठीकरा धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस व यूथ कांग्रेस पर फोडऩे पर युवा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि हार की जिम्मेदारी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष को लेनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस अध्यक्ष व उनकी कार्यकारिणी पिछले काफी समय से उपचुनावों पर कार्य कर रही थी। जिस भी बूथ की जिम्मेदारी मनीष ठाकुर को दी, वहां पर डबल फिगर के आंकड़े से ज्यादा मत नहीं मिले हैं।

जिनको कोई नहीं जानता उनको दी यूथ कांग्रेस की जिम्मेदारी

उन्होंने नवनियुक्त धर्मशाला ब्लॉक के यूथ अध्यक्ष पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि जिनको कोई जानता भी नहीं है, उन्हें यूथ कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई है। आजाद प्रत्याशी राकेश शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों को भी उन्होंने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के ऊपर एक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस हाईकमान भविष्य में राकेश चौधरी को टिकट देती है तो उसका विरोध किया जाएगा। उधर, यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर ने कहा कि कौन क्या कहता है कि इस बारे मुझे कुछ नहीं कहना है।

हार के पीछे पूर्व मंत्री का प्लान

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कपूर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को मिली हार का कारण कांगड़ा जिला के एक पूर्व मंत्री द्वारा बनाया गया एक प्लान भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त पूर्व मंत्री हार का पूरा ठीकरा पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा पर डलवाकर उन्हें पार्टी से निष्कासित करवाना चाहते हैं और अपने बेटे के लिए इस सीट को खाली करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उक्त पूर्व मंत्री का नाम उनके द्वारा सार्वजनिक किया जाएगा। राजेश कपूर ने कहा कि पूर्व मंत्री चाहते तो दोनों आजाद प्रत्याशियों को बिठा सकते थे।

आरोपों पर कुछ नहीं कहना : राठौर

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पूर्व धर्मशाला ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर कुछ नहीं कह सकता हूं। रही बात उपचुनावों में मिली हार के कारणों की तो चुनाव परिणाम के अगले दिन ही मैंने जांच कमेटी गठित कर दी थी। कमेटी द्वारा कारणों की जांच की जाएगी और सख्त कार्रवाई जांच की रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!