Edited By Vijay, Updated: 25 Jul, 2026 07:56 PM

देश के वीर सपूतों की शहादत को नमन करने के लिए रविवार को हमीरपुर जिले में कारगिल विजय दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा।
हमीरपुर (राजीव): देश के वीर सपूतों की शहादत को नमन करने के लिए रविवार को हमीरपुर जिले में कारगिल विजय दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय समारोह का आयोजन रविवार सुबह 10 बजे किया जाएगा। यह गरिमापूर्ण कार्यक्रम हमीरपुर स्थित शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क और निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित होगा।
उपनिदेशक ने बताया कि इस जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमीरपुर जिले के शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हमीरपुर जिले के 8 वीर जवानों के परिजनों को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने सभी जिलावासियों से इस देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों (एक्स-सर्विसमैन) और उनके परिजनों से अपील की है कि वे इस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व सम्मान प्रकट करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें