Edited By Vijay, Updated: 25 Jul, 2026 04:22 PM

जिला पुलिस ऊना ने टाहलीवाल क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार और संगठित चोरियों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीसरे और अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
टाहलीवाल (गौतम): जिला पुलिस ऊना ने टाहलीवाल क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार और संगठित चोरियों का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीसरे और अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। शातिर चोरों ने विभिन्न घरों को निशाना बनाते हुए करीब 35 लाख रुपए के सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया था। इस गिरोह के दो गुर्गों को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है।
टाहलीवाल में अलग-अलग घरों में दिया था वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार 6, 12 और 13 जून 2026 को टाहलीवाल क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग घरों में चोरी की वारदातें सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ऊना ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी कड़ी में 3 जुलाई 2026 को पुलिस ने 2 आरोपियों को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया था।
पंजाब के रूपनगर से दबोचा आरोपी
दो गिरफ्तारियों के बाद पुलिस फरार चल रहे तीसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। इसके परिणामस्वरूप 24 जुलाई 2026 को पुलिस ने मामले के तीसरे और अंतिम आरोपी हरदीप सिंह उर्फ हैप्पू पुत्र गुरमेल चंद निवासी नंगल, जिला रूपनगर (पंजाब) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी को ऊना लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 3 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान चोरी के अन्य कनैक्शनों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
सस्ते दाम में पंजाब के ज्वैलर्स को बेचे गहने, रिकवरी के प्रयास तेज
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि चोरों ने 35 लाख रुपए के चुराए गए सोने और चांदी के गहने पंजाब के ज्वैलर्स को बहुत कम कीमत पर बेचे हैं। बता दें कि 6 जून को बाथू और 13 जून को टाहलीवाल में हुई चोरी का सामान पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। अब पुलिस का मुख्य फोकस 12 जुलाई 2026 को टाहलीवाल निवासी निर्मल सिंह के घर से चोरी हुए सामान को रिकवर करने पर है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पंजाब के उन ज्वैलर्स से भी गहनों की रिकवरी कर ली जाएगी, जिन्होंने यह चोरी का सामान खरीदा है।
अपराधियों पर जारी रहेगी कठोर कार्रवाई : एसपी
ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने शानदार कामयाबी पर पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का यह क्रम आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें