Bilaspur News: खेतों में घास काट रही महिला पर टूट पड़ा पड़ोसी का पालतू कुत्ता, जेठ ने मौके पर आकर बचाई जान

Edited By Vijay, Updated: 04 Aug, 2026 01:54 PM

pet dog attack on woman

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की उपतहसील कलोल के अंतर्गत आने वाले डरोह गांव में एक पालतू कुत्ते द्वारा महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।

शाहतलाई (हिमल): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की उपतहसील कलोल के अंतर्गत आने वाले डरोह गांव में एक पालतू कुत्ते द्वारा महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। खेतों में घास काटने गई महिला को कुत्ते ने बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता अब घर लौट आई है। वहीं, इस घटना को लेकर पुलिस थाना तलाई में कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार डरोह गांव की रहने वाली 52 वर्षीय निर्मला देवी पत्नी लेख राम बीती शाम अपने खेतों में घास काटने के लिए गई थीं। इस दौरान अचानक पड़ोस में रहने वाले रत्न लाल के पालतू कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला की छाती, बाजू और टांगों पर बुरी तरह काटकर गहरे जख्म कर दिए। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर उनके जेठ दामोदर दत्त तुरंत मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाकर उनकी जान बचाई।

हमले के बाद लहुलूहान अवस्था में परिजन निर्मला देवी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तलाई पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सा प्रभारी डॉ. कनिका शर्मा ने तुरंत पीड़िता को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया। मरहम-पट्टी और जरूरी इलाज के बाद महिला को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। पीड़िता के देवर राम प्रकाश ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए बताया कि उनका गांव अस्पताल और तलाई थाने से करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस परिवार के कुत्ते ने उनकी भाभी की जान खतरे में डाली, उनके किसी भी सदस्य ने इंसानियत के नाते न तो पीड़िता का हालचाल पूछा और न ही उन्हें अस्पताल पहुंचाने में कोई मदद की।

उधर, पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में संज्ञान लिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना तलाई में पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में साक्ष्य जुटाकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!