Edited By Swati Sharma, Updated: 10 Sep, 2026 09:54 AM

घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली उप तहसील भराड़ी के गांव भपराल (टौण) के भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट धर्म सिंह (कोर ऑफ इंटेलिजेंस) का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने बुधवार सायं अंतिम सांस ली। वहीं, उनके निधन की सूचना मिलते ही...
Bilaspur News (राकेश): घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली उप तहसील भराड़ी के गांव भपराल (टौण) के भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट धर्म सिंह (कोर ऑफ इंटेलिजेंस) का बुधवार को निधन हो गया। उन्होंने बुधवार सायं अंतिम सांस ली। वहीं, उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बता दें कि लेफ्टिनेंट धर्म सिंह वर्ष 1968 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने करीब 28 वर्षों तक सेना में सेवाएं देकर मातृभूमि की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह वर्ष 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध में भी वीर योद्धा के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। सैन्य सेवा के बाद वह 31 मई 1995 को सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। वह अपने पीछे धर्मपत्नी, दो विवाहित पुत्रियां और दो अविवाहित पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने शोक किया व्यक्त
लेफ्टिनेंट धर्म सिंह की अंतिम यात्रा गुरूवार को प्रातः 10 बजे उनके पैतृक गांव भपराल(टौण) से निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार सीर खड्ड के समीप स्थित अंतिम धाम में किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने वीर सैनिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें