Edited By Kuldeep, Updated: 22 Jun, 2026 10:35 PM

उपमंडल गगरेट के तहत गांव नंगल जरियालां में चोरों ने दिन-दिहाड़े एक घर का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
नंगल जरियालां (दीपक): उपमंडल गगरेट के तहत गांव नंगल जरियालां में चोरों ने दिन-दिहाड़े एक घर का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है तथा पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई जा रही है। पीड़ित विजय कुमार निवासी वार्ड नंबर-5 नंगल जरियालां ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी को बस स्टैंड छोड़ने गया था।
इसके बाद उन्होंने सहकारी डिपो में राशन लिया और दोपहर के समय जब घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी करीब 70 हजार रुपए की नकदी गायब थी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस थाना गगरेट को दी गई है। विजय कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अभी तक नहीं पकड़े गए चोर
गौरतलब है कि इससे पहले भी गांव के धार्मिक स्थलों सहित अन्य स्थानों पर दानपात्र तोड़ने और चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ने में सफल नहीं हो पाई है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ने लगी है।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
थाना प्रभारी गगरेट रमेश कुमार ने बताया कि नंगल जरियालां के वार्ड नंबर 5 निवासी विजय कुमार के घर चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा।