Una में नशे के खिलाफ उमड़ा जनसैलाब, Gen-Z के बीच CM ने दिलाई चिट्टा मुक्त हिमाचल की शपथ

Edited By Vijay, Updated: 16 Sep, 2026 05:21 PM

huge crowd gathered against drugs in una

हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए बुधवार को ऊना के इंदिरा खेल मैदान में एक ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा। नशे के खिलाफ आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में करीब 40 हजार युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों ने हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता का कड़ा संदेश दिया।

ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए बुधवार को ऊना के इंदिरा खेल मैदान में एक ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा। नशे के खिलाफ आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में करीब 40 हजार युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों ने हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता का कड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में जब यह विशाल रैली सड़कों पर उतरी, तो पूरा शहर नशे के खिलाफ नारों से गूंज उठा।

काफी देर तक युवाओं के बीच चले सीएम, सैल्फी भी ली
सुबह 8 बजे मशहूर पुलिस बैंड हार्मनी ऑफ द पाइन्स की शानदार प्रस्तुतियों ने युवाओं में भारी जोश भर दिया। वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू युवाओं और विशेषकर जेन-जी के बीच भारी आकर्षण का केंद्र रहे। वह काफी देर तक युवाओं के बीच चले और उनके साथ सैल्फी भी ली। मैदान से सड़क तक बढ़ते हजारों कदमों के बीच मुख्यमंत्री ने सभी को एंटी-चिट्टा अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की नहीं है, बल्कि युवाओं के सहयोग के बिना चिट्टे के बढ़ते खतरे को रोकना असंभव है।

तस्करों की संपत्ति होगी जब्त, विपक्ष से भी मांगा साथ
मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने नशा माफियाओं को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने नशे के सौदागरों की संपत्तियां जब्त करने का काम तेज कर दिया है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि यह किसी एक पार्टी की लड़ाई नहीं है, बेहतर होता यदि विपक्ष के विधायक भी इस आयोजन में साथ होते। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नेताओं से आग्रह किया कि राज्य सरकार ने नशे में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई का जो विधेयक पास कर केंद्र को भेजा है, उसे वे जल्द से जल्द केंद्र से मंजूरी दिलवाएं।

पंचायतों तक पहुंचा अभियान, गुप्त रहेगी सूचना देने वाले की पहचान: डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चिट्टा अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर की समस्या बन चुका है। हिमाचल सरकार इसके खिलाफ प्रदेशव्यापी मुहिम चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस तस्करों पर कड़ा प्रहार कर रही है और अब इस अभियान में पंचायतों को भी शामिल कर लिया गया है। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि जो भी व्यक्ति तस्करों की जानकारी देगा, उसकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

डीजीपी बोले- ऊना की भीड़ ने कायम किया रिकॉर्ड
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक आयोजित सभी एंटी-चिट्टा रैलियों में ऊना की यह जनभागीदारी सबसे बड़ी है, जिसने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। इस सफल आयोजन के लिए डीसी जतिन लाल ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों और युवाओं का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और महाधिवक्ता अनूप रत्न सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!