पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में CBI की 50 स्थानों पर दबिश, 1.20 करोड़ के चिट्टे सहित 2 तस्कर काबू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Edited By Vijay, Updated: 01 Feb, 2023 06:04 AM

himachal top 10 news

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने...

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार देश के 7 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 50 स्थानों पर दबिश दी। कांगड़ा जिला में नूरपुर पुलिस ने 1.20 करोड़ का चिट्टा ले जा रहे कार सवार 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यूजी-पीजी की परीक्षाएं करवाने के बाद अब सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी बीएड की परीक्षाएं करवाएगा। अम्बुजा सीमैंट उद्योग और ट्रक ऑप्रेटर्ज के बीच माल ढुलाई भाड़े को लेकर उपजा विवाद 48 दिन के बाद भी नहीं सुलझ पाया है। जिला किन्नौर के रक्छम में बर्फबारी के कारण बेंगलुरु के 8 पर्यटक फंस गए हैं। पालमपुर में अनेक सरकारी कार्यालयों को डिनोटिफाई किए जाने का मामला न्यायालय की दहलीज पर जा पहुंचा है। सिरमौर जिला में एक 18 वर्षीय युवक की सैल्फी लेते समय मारकंडा नदी में  डूबने से मौत हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जिला आपदा प्रबंधन को इसकी एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अलावा मोबाइल पर मैसेज भेजकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीजीआरई ने अटल टनल के साऊथ और नॉर्थ पोर्टल, मढ़ी-रोहतांग और कोकसर क्षेत्र में हिमस्खलन गिरने की आशंका जताई है।

पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले CBI की हिमाचल समेत 50 स्थानों पर छापामारी
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार देश के 7 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों (हिमाचल प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब व उत्तराखंड) में करीब 50 स्थानों पर दबिश देकर दस्तावेज बरामद किए हैं। 

कांगड़ा में 1.20 करोड़ के चिट्टे व 13.20 लाख कैश सहित 2 तस्कर काबू
नूरपुर पुलिस को उस समय 1.20 करोड़ का मादक पदार्थ (चिट्टा) ले जा रही एक गाड़ी को पकड़ने में सफलता मिली जब जसूर में उसे काफी कठिनाई से रोका गया। जब मादक पदार्थ ले जा रहे वाहन को जसूर में रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर निकलने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद पुलिस जवानों ने उनको धर दबोचा। 

सरदार पटेल विश्वविद्यालय करवाएगा BEd, 5 जिलों के 35 काॅलेज चयनित
यूजी-पीजी की परीक्षाएं करवाने के बाद अब सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) मंडी बीएड की परीक्षाएं करवाएगा। इसके लिए प्रदेश के 5 जिलों चम्बा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और मंडी के 35 बीएड काॅलेज चयनित किए गए हैं। वर्तमान में बीएड प्रशिक्षुओं के पंजीकरण की प्रक्रिया चली हुई है जिसके तहत एसपीयू के पास बीएड के लिए 4050 और एमएड के लिए 150 प्रशिक्षुओं ने पंजीकरण करवाया है। 

ट्रक ऑप्रेटर्ज ने NH-205 पर किया प्रदर्शन, सीएम सुक्खू के खिलाफ की नारेबाजी
अम्बुजा सीमैंट उद्योग और ट्रक ऑप्रेटर्ज के बीच माल ढुलाई भाड़े को लेकर उपजा विवाद 48 दिन के बाद भी नहीं सुलझ पाया है। इससे ट्रक ऑप्रेटर्ज में आक्रोश है। मंगलवार को सभी सभाओं के ट्रक ऑप्रेटर्ज ने अंबुजा सीमैंट उद्योग के गेट के पास एकत्रित होकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। रैली के दौरान एनएच-205 पर काफी देर तक जाम भी लगा रहा। 

किन्नौर के रक्छम में बर्फबारी के चलते बेंगलुरु के 8 पर्यटक फंसे
जिला किन्नौर के रक्छम में बर्फबारी के कारण बेंगलुरु के 8 पर्यटक फंस गए हैं। ये पर्यटक रक्छम के एक होम स्टे में रुके हुए हैं। जानकारी के अनुसार बेंगलुरु के 8 पर्यटक  29 जनवरी को रक्षम पहुंचे थे तथा 30 जनवरी को पर्यटन स्थल छितकुल के बाद 31 जनवरी को उन्होंने सांगला वापस आना था, उसके बाद 1 फरवरी को शिमला से कालका और 2 फरवरी को कालका से बेंगलुरु के लिए ट्रेन की बुकिंग थी परन्तु बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से ये सभी पर्यटक चालक सहित रक्छम में फंस गए हैं।

श्रीनगर में 5 स्टार होटल छोड़ सरकारी गैस्ट हाऊस में ठहरे CM सुक्खू
हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने सौम्य स्वभाव और सादगी की छाप श्रीनगर में भी छोड़ गए। भारत जोड़ो यात्रा के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू के ठहरने के लिए श्रीनगर के फाइव स्टार होटल में व्यवस्था की गई थी लेकिन मुख्यमंत्री ने उसमें न ठहरते हुए अपने रहने के लिए एक सरकारी गैस्ट हाऊस चुना और 2 दिनों तक उसमें ही रुके। 

कार्यालय डिनोटिफाई करने पर त्रिलोक कपूर ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका
पालमपुर में अनेक सरकारी कार्यालयों को डिनोटिफाई किए जाने का मामला न्यायालय की दहलीज पर जा पहुंचा है। इन कार्यालयों को बंद किए जाने के विरुद्ध उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे त्रिलोक कपूर ने उच्च न्यायालय में यह याचिका दायर की है। 

सैल्फी बन गई मौत का कारण, मारकंडा नदी में डूबा 18 साल का युवक
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से होकर गुजरने वाली मारकंडा नदी में एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे सैल्फी लेने पहुंचा था कि इस दौरान पांव फिसलने से वह नदी में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद तुरंत कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोर की मदद से शव को नदी से निकाल कर कब्जे में लिया।

रानीताल में पेड़ से टकराई पंजाब रोडवेज की बस
नैशनल हाईवे मुबारिकपुर-धर्मशाला पर रानीताल के नजदीक धर्मशाला से चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क पर पड़ी मिट्टी में स्किड होकर बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 15-16 सवारियां मौजूद थीं। 

Related Story

Trending Topics

IPL
Lucknow Super Giants

Royal Challengers Bengaluru

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!