Edited By Vijay, Updated: 28 Oct, 2026 04:35 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम को एक अहम सफलता हाथ लगी है।
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का कड़ा प्रहार लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम को एक अहम सफलता हाथ लगी है। टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार-पट्टा के समीप नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस में सफर कर रहे दो युवकों के कब्जे से 30.62 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब के रहने वाले हैं। इनमें मुख्य आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सिमरनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के जिला तरनतारन (गली नंबर-5, नानकसर) का निवासी है। वहीं, उसके साथ पकड़ा गया दूसरा युवक नाबालिग है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर थाना सदर बिलासपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुएआरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
बिलासपुर पुलिस इस मामले में केवल नशीले पदार्थ की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि इस पूरे नैटवर्क को तोड़ने की दिशा में काम कर रही है। पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ पंजाब से किससे खरीद कर लाए थे और हिमाचल प्रदेश में इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस नैटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भी पड़ताल की जा रही है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें