Bilaspur: 1.90 लाख कैश और चिट्टे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 4 मामले

Edited By Vijay, Updated: 15 Oct, 2026 04:24 PM

3 smugglers arrested with heroin and cash

हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले की बरमाणा पुलिस ने लघट क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले की बरमाणा पुलिस ने लघट क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.83 ग्राम चिट्टा, 1 लाख 90 हजार रुपए की नकदी और एक स्कूटर बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान अजय कुमार उर्फ आजाद (35) निवासी गांव लघट (डाकघर बरमाणा), अजय (26) निवासी गांव गसौड (डाकघर जुखाला) और मुनीष (25) निवासी गांव गसौड़ (डाकघर जुखाला), तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार बरमाणा पुलिस की टीम लघट स्थित रेन शैल्टर के पास गश्त पर थी, तभी संदेह के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शुरुआती धरपकड़ के बाद पुलिस ने आरोपी अजय कुमार उर्फ आजाद के रिहायशी मकान की भी तलाशी ली। इसी दौरान घर से चिट्टा, भारी मात्रा में नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला स्कूटर बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस  एक्ट के तहत थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

अजय पर पहले से दर्ज हैं 4 मामले, रद्द होगी जमानत
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी अजय कुमार उर्फ आजाद एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ इससे पहले भी 4 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 3 मामले मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित हैं, जबकि एक मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज है। नशे के कारोबार में उसकी बार-बार संलिप्तता को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुराने मामलों में आरोपी को मिली जमानत रद्द करवाने के लिए अदालत में विशेष आवेदन किया जाएगा।

बैकवर्ड लिंकेज और कैश की हो रही जांच : एसपी
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह चिट्टा कहां से और किस सप्लायर से लाया गया था। इसके साथ ही घर से बरामद 1 लाख 90 हजार रुपए की नकदी का संबंध सीधेतौर पर नशे के कारोबार से है या नहीं, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!