Edited By Vijay, Updated: 21 Oct, 2026 03:03 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान को बिलासपुर जिले में एक बड़ी कामयाबी मिली है। सदर थाना पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार के समीप नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को करीब 50 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे...
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान को बिलासपुर जिले में एक बड़ी कामयाबी मिली है। सदर थाना पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ढलियार के समीप नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को करीब 50 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर पुलिस की एक टीम ढलियार के पास वाहनों की नियमित चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक वहां से गुजरा। पुलिस को शक होने पर जब उसे रोककर उसकी और वाहन की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के बल्ह तहसील के तहत आते गांव भिउरा (डाकघर कुम्मी) का निवासी है।
महज एक गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए, पुलिस अब इस ड्रग नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तकनीकी जांच कर रही है। सदर थाना पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चिट्टे की इतनी बड़ी खेप कहां से लेकर आ रहा था और इसे आगे किन-किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस का मानना है कि इस जांच के आधार पर नशे के इस नेटवर्क में शामिल अन्य बड़े तस्करों के चेहरे भी बेनकाब हो सकते हैं।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस थाना सदर में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह सख्ती लगातार जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें