Edited By Vijay, Updated: 09 Sep, 2026 04:42 PM

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले राजनीति शास्त्र के शिक्षकों के पदों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है।
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले राजनीति शास्त्र के शिक्षकों के पदों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। यह भर्ती पोस्ट कोड-26028 के तहत कुल 95 पदों के लिए की जा रही है। परीक्षा में बैठे उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वैबसाइट (hprca.hp.gov.in) पर जाकर चैक कर सकते हैं।
3002 उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि राजनीति शास्त्र के शिक्षकों के इन 95 पदों के लिए कुल 3650 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 3002 उम्मीदवार कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट (सीबीटी) में उपस्थित हुए थे। परीक्षा के मूल्यांकन के बाद कुल 239 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। इन सभी सफल उम्मीदवारों को अब अगले चरण यानी डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है।
17 सितम्बर को होगी डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन
आयोग के सचिव ने बताया कि चयनित 239 उम्मीदवारों का डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन प्रक्रिया 17 सितम्बर को सुबह 10 बजे से हमीरपुर स्थित आयोग के परिसर में शुरू होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए अलग से डाक द्वारा कॉल लैटर नहीं भेजे जाएंगे। इसकी सूचना केवल उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर ही दी जाएगी। वैरिफिकेशन के समय उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी सैल्फ-अटैस्टेड फोटोकॉपी के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाऊनलोड की गई कॉपी और एक वैद्य आईडी प्रूफ साथ लाना अनिवार्य है।
...तो नहीं मिलेगा दूसरा मौका
सचिव ने बताया कि यदि कोई भी उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी और उसे भविष्य में कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें