Edited By Kuldeep, Updated: 18 Oct, 2026 09:47 PM

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि केवल राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर नए जिले बनाना उचित नहीं हैं।
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हमीरपुर में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि केवल राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर नए जिले बनाना उचित नहीं हैं। किसी भी नए जिले के गठन से पहले पर्याप्त वित्तीय संसाधन, कर्मचारी, कार्यालय और जरूरी प्रशासनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब मौजूदा ब्लॉकों और उपमंडलों में ही कई जगह पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं तो पहले उनकी व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। प्रशासनिक इकाइयों का विस्तार जनता की सुविधा और बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से होना चाहिए। दिल्ली में जारी प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें अपनी चुनावी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़कर केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि ऐसे आंदोलनों के पीछे देश को राजनीतिक और आर्थिक रूप से कमजोर करने की मंशा रखने वाले तत्व भी सक्रिय हैं। उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन से आम आदमी पार्टी के गठन तक के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए आंदोलन से जुड़े कुछ लोगों पर राजनीतिक अराजकता फैलाने और सत्ता में आने के बाद घोटालों में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन किसी भी आंदोलन के उद्देश्यों और उसके पीछे की राजनीतिक मंशा को समझना भी आवश्यक है।