Hamirpur: एनआईटी हमीरपुर का 17वां दीक्षांत समारोह, एक विद्यार्थी को दिया 3.40 करोड़ का रिकॉर्ड प्लेसमैंट पैकेज

Edited By Kuldeep, Updated: 22 Oct, 2026 08:32 PM

hamirpur nit convocation ceremony

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में 23 अक्तूबर को 17वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, साथ ही शिक्षा, शोध, नवाचार और व्यावसायिक...

हमीरपुर (राजीव): राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में 23 अक्तूबर को 17वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, साथ ही शिक्षा, शोध, नवाचार और व्यावसायिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल समारोह के मुख्यातिथि होंगे। इस अवसर पर डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, उनके अभिभावक, शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गण्यमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी एनआईटी के निदेशक प्रो. हीरा लाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए दी। इस दौरान रजिस्ट्रार प्रो. अर्चना ननोटी भी मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि समारोह में कुल 1,265 डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 859 स्नातक डिग्रियां, 380 स्नातकोत्तर डिग्रियां, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार 1 डिप्लोमा तथा 26 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए एक निदेशक पदक, 35 स्वर्ण पदक, 12 रजत पदक और 14 कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि एनआईटी हमीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कैंपस प्लेसमैंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस दौरान संस्थान का कुल प्लेसमैंट प्रतिशत 94.37 प्रतिशत रहा और विद्यार्थियों को औसतन 12 लाख रुपए वार्षिक वेतन पैकेज मिला। इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि इलैक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग के ड्यूल डिग्री कार्यक्रम के एक विद्यार्थी को टेस्ला कंपनी द्वारा दिया गया 3.40 करोड़ का वार्षिक पैकेज है। वहीं कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के एक विद्यार्थी को लिंक्डइन कंपनी से 1 करोड़ रुपए का पैकेज मिला है।

उन्होंने बताया कि इलैक्ट्रीकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा मैटीरियल्स साइंस इंजीनियरिंग विभागों में 100 प्रतिशत प्लेसमैंट दर्ज किया गया। गणित एवं वैज्ञानिक संगणना विभाग का प्लेसमैंट प्रतिशत 92.10 रहा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्लेसमैंट प्रक्रिया भी अच्छी शुरूआत के साथ आगे बढ़ रही है और अब तक लगभग 120 विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। उन्होंने बताया कि एनआईटी हमीरपुर शोध और नवाचार के क्षेत्र में भी लगातार प्रगति कर रहा है। जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच संस्थान को लगभग 10.56 करोड़ रुपए की 15 प्रायोजित शोध परियोजनाएं स्वीकृत हुईं।

इसके साथ ही संस्थान में चल रही प्रायोजित शोध परियोजनाओं की कुल संख्या 37 हो गई है।उन्होंने बताया कि संस्थान ने पुल निर्माण, मिट्टी की जांच, भवनों एवं संरचनाओं के डिजाइन तथा निर्माण सामग्री की जांच जैसे क्षेत्रों में 4.15 करोड़ रुपए से अधिक की परामर्श परियोजनाएं भी पूरी की हैं अथवा अपने हाथ में ली हैं। इसके साथ ही पेटैंट, शोध प्रकाशनों और बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति की गई है। उन्होंने बताया कि एनआईटी हमीरपुर का 17वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। यह समारोह शिक्षा में उत्कृष्टता, उपयोगी शोध और नवाचार के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा, साथ ही वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने के संस्थान के संकल्प को भी दोहराएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!