Edited By Vijay, Updated: 06 Aug, 2022 07:38 PM

पौंग झील में बुधवार से लापता दूसरे युवक ग्राम पंचायत नंदपुर भटोली निवासी राजकुमार (45) पुत्र चंचल सिंह का शव एनडीआरएफ टीम ने शनिवार दोपहर को मशक्कत के बाद खोज निकाला। पंचायत नन्दपुर भटोली के 2 युवक बुधवार रात को पौंग झील में नहाने उतरे थे, लेकिन...
नगरोटा सूरियां (नंदपुरी): पौंग झील में बुधवार से लापता दूसरे युवक ग्राम पंचायत नंदपुर भटोली निवासी राजकुमार (45) पुत्र चंचल सिंह का शव एनडीआरएफ टीम ने शनिवार दोपहर को मशक्कत के बाद खोज निकाला। पंचायत नन्दपुर भटोली के 2 युवक बुधवार रात को पौंग झील में नहाने उतरे थे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण झील में डूब गए। इससे पहले शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम को रणजीत सिंह पुत्र निक्का राम का शव बरामद हुआ था। राजकुमार का करीब 56 घंटे बाद शव धमेटा के निकट समकड़ के पास पौंग झील में मिला है। पुलिस थाना हरिपुर के एसएचओ नाजर सिंह ने पुष्टि की है।
वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव का गांव के श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजकुमार का शव जब घर पहुंचा तो चीखो-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी, बच्चों और बहनों का रो-रो कर बुरा हाल था। राजकुमार 4 बहनों का इकलौता भाई था और सबसे छोटा था। बहनों ने सोचा भी नहीं था कि अपने इकलौते भाई को इस बार राखी भी नहीं बांध पाएंगी। राजकुमार हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहता था। राजकुमार फोटोग्राफर की दुकान कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंचायत प्रतिनिधियों व बुद्धिजीवी लोगों ने सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित बेटा और बेटी को छोड़ गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here