Kullu: शादी से लौट रहे युवकों की गाड़ी खाई में गिरी; 4 की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

Edited By Kuldeep, Updated: 22 Sep, 2026 06:26 PM

kullu road accident

कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर निमला के समीप एक हुंडई गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

कुल्लू (दिलीप/ब्यूरो): कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर निमला के समीप एक हुंडई गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 3 बजे शादी समारोह से हुंडई कार (नंबर एचपी 35-9123) में सवार 5 लोग घर लौट रहे थे। कार जब निगान और निमला के बीच पहुंची तो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और 4 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे का शिकार हुए सभी लोग आनी तहसील के गांव जाबौं-कराणा के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान राहुल राणा (25) पुत्र जगदीश चंद, बाल कृष्ण पुत्र ढीक राम, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह और गुंजन पुत्र राम प्रकाश के रूप में हुई है। हादसे में सुरेश कुमार (29) मोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रामपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान, पुलिस प्रशासन और ग्रामीण तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए तथा घायल के परिजनों को 5 हजार रुपए की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता एवं सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!