Himachal: वोल्वो बस और टैक्सी से चिट्टे की बड़ी खेप बरामद, पंजाब और मंडी के 4 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 15 Sep, 2026 04:16 PM

4 smugglers or punjab and mandi arrested with heroin

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस की विशेष जांच टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर 2 अलग-अलग मामलों में करीब 53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस की विशेष जांच टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर 2 अलग-अलग मामलों में करीब 53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना झंडूता में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस इस ड्रग नैटवर्क की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुट गई है।

पुलिस की पहली कार्रवाई कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर धराड़सानी के समीप हुई। यहां विशेष जांच टीम ने एक वोल्वो बस की नियमित चैकिंग के दौरान दो युवकों के पास से लगभग 45 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान फ्रैंकलिन (20) पुत्र राज कुमार, निवासी इंदिरा कॉलोनी, थाना मजीठा रोड, अमृतसर (पंजाब) और स्टीफन (18 ) पुत्र मानु, निवासी गोल्डन एवेन्यू, थाना मजीठा रोड, अमृतसर (पंजाब) के रूप में की गई है। 

दूसरी कार्रवाई इसी फोरलेन पर छत्त के पास अंजाम दी गई। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक टैक्सी (एचपी 01एम-6414) को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार (29) पुत्र स्व. विनिया राम निवासी चौक, तहसील बलद्वाड़ा व जिला मंडी और गुलशन (24) पुत्र लालमन निवासी पिपली, डाकघर टरोह, तहसील बल्ह व जिला मंडी के रूप में की गई है।  

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस अब इस नशे के बैकवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन सा बड़ा नैटवर्क काम कर रहा है। मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने के लिए जांच टीम हर संभव प्रयास कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!