Hamirpur: सीएम सुक्खू का बड़ा ऐलान, बोले-800 करोड़ देकर SJVNL से वापस लेंगे धौलासिद्ध प्रोजैक्ट

Edited By Vijay, Updated: 18 Sep, 2026 09:54 PM

cm sukhvinder singh sukhu in nadaun

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही कई अहम राजनीतिक और प्रशासनिक घोषणाएं की हैं।

नादौन (जैन): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही कई अहम राजनीतिक और प्रशासनिक घोषणाएं की हैं। ब्यास नदी पर 31.19 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 250 मीटर लंबे, डबल लेन (मोटरेबल एवं फुटपाथ) सधोड़ापत्तन पुल का शिलान्यास करने के बाद जनसभा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को एसजेवीएनएल से वापस लेगी। इसके लिए कंपनी को राज्य सरकार की ओर से 800 करोड़ रुपए का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की देन, अनुराग ठाकुर के दावे झूठे
केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर पर तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर उनके दावे पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कॉलेज भाजपा की देन नहीं, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। 22 जनवरी 2014 को इसकी अधिसूचना जारी हुई थी और तब केंद्र ने 180 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। सुक्खू ने दावा किया कि वर्तमान में केंद्र सरकार ने इसके निर्माण के लिए कोई मदद नहीं दी है। राज्य सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर हमीरपुर से मुख्यमंत्री नहीं बनता, तो इस मेडिकल कॉलेज में केवल चार दीवारें ही खड़ी रहतीं। पूर्व भाजपा सरकार पर हमीरपुर की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि यह कॉलेज अब 2 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा।

मेडिकल कॉलेज में बनाया जा रहा उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीच्यूट 
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में जापान के सहयोग से करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीच्यूट बनाया जा रहा है। इसके अलावा 150 करोड़ रुपए से सुपर स्पैशलिटी ब्लॉक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। डायग्नोस्टिक सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए एम्स दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में करीब 28-28 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक ऑटोमेटेड लैब स्थापित की जा रही हैं, जहां एक ही सैंपल से 1,200 प्रकार के टैस्ट किए जा सकेंगे।

हमीरपुर बनेगा एजुकेशन कैपिटल, नादौन में खुलेगा स्पोर्ट्स सैंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कांगड़ा जिले को टूरिज्म कैपिटल और हमीरपुर को एजुकेशन कैपिटल के रूप में विकसित कर रही है। इसी कड़ी में हमीरपुर में प्रदेश का पहला साइंस कॉलेज और नादौन में एलाइड हैल्थकेयर कॉलेज खोला जा रहा है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए नादौन में स्पोर्ट्स एक्सीलैंस सैंटर बन रहा है, जिसका उद्घाटन अक्तूबर में होगा।

इसी वर्ष के अंत तक शुरू होगा ढगवार मिल्क प्लांट 
पूर्व भाजपा सरकार पर प्रदेश की संपदा लूटने और योजनाओं में घोटालों का आरोप लगाते हुए सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। प्राकृतिक हल्दी को समर्थन मूल्य देने का विचार भी उन्हें नादौन से ही मिला था। इसके अलावा ढगवार में 300 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अत्याधुनिक मिल्क प्रोसैसिंग प्लांट इसी वर्ष के अंत तक शुरू हो जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!