Edited By Vijay, Updated: 28 Aug, 2026 07:14 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाहरी राज्यों के तस्कर अब पुलिस से बचने के लिए लग्जरी वोल्वो बसों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने इस नए तरीके का भी पर्दाफाश कर दिया है।
बिलासपुर/घुमारवीं (बंशीधर/जम्वाल): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाहरी राज्यों के तस्कर अब पुलिस से बचने के लिए लग्जरी वोल्वो बसों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने इस नए तरीके का भी पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग ऑप्रेशनों में वोल्वो बसों से 158 ग्राम चिट्टा बरामद कर पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले 4 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इनके बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि हिमाचल में यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी।
पहला मामला घुमारवीं थाना क्षेत्र का है। विशेष जांच दल ने बालोह-मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस की तलाशी ली। इस दौरान बस में सवार 2 युवकों के कब्जे से 104 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ राणा (40) निवासी वार्ड नंबर-5, सरियाल चुंगी डाकघर एवं तहसील पट्टी जिला तरनतारन (पंजाब) व अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श (22) निवासी कोट धर्मचंद कलां तहसील एवं थाना चौहाल जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दाेनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना घुमारवीं में मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरा मामला स्वारघाट थाना क्षेत्र का है। विशेष जांच दल ने कैंचीमोड़ फोरलेन फ्लाईओवर के पास टनल नंबर-1 के समीप नाकाबंदी के दौरान कीरतपुर से मंडी-भराड़ी की ओर जा रही वोल्वो बस की चैकिंग की। बस में सवार 2 व्यक्तियों से 54 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह (21) निवासी डल्ल डाकघर खरला तहसील एवं जिला तरनतारन (पंजाब) व सुखविंद्र सिंह (48) निवासी डल्ल डाकघर खरला तहसील एवं जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना स्वारघाट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
2 माह में 67 मामले दर्ज, 146 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार जिले में पिछले 2 महीनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 67 मामले दर्ज कर 146 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 1.2 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने बाहरी राज्यों के 15 प्रमुख सप्लायरों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि नशे की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें