Edited By Vijay, Updated: 02 Oct, 2026 09:13 PM

जिला में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चल रही पुलिस की कार्रवाई में सदर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। 37.17 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नागेश उर्फ नागू निवासी लुहरी, तहसील आनी,...
बिलासपुर (बंशीधर): जिला में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चल रही पुलिस की कार्रवाई में सदर पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। 37.17 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नागेश उर्फ नागू निवासी लुहरी, तहसील आनी व जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आए बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है।
मामले की शुरूआत 5 सितम्बर को हुई थी। सदर थाना पुलिस की टीम ने गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 37.17 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसके बाद पुलिस ने केवल बरामदगी तक जांच सीमित न रखते हुए नशे की सप्लाई के स्रोत और आगे जुड़े लोगों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की एक कड़ी पंजाब तक पहुंची, जहां से जगतार सिंह निवासी वार्ड नंबर-10, रंधावा कालोनी, फतेहगढ़, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को खंगालने के बाद पुलिस को कुल्लू के आनी क्षेत्र निवासी नागेश उर्फ नागू के नैटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार जांच में नागू की भूमिका नशे की सप्लाई चेन में सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और चिट्टे की सप्लाई के स्रोतों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने नागेश उर्फ नागू की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि चिट्टा तस्करी के मामलों में सप्लाई नैटवर्क की प्रत्येक कड़ी को खंगालकर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें