Bilaspur: मानसिक तनाव में 18 वर्षीय युवक ने उठाया खौफनाक कदम, AIIMS में उपचार के दौरान तोड़ा दम

Edited By Vijay, Updated: 06 May, 2026 04:09 PM

youth takes drastic step dies during treatment at aiims

पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आने वाले बरठीं क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां काम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश से आए एक 18 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया....

शाहतलाई (हिमल): पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आने वाले बरठीं क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां काम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश से आए एक 18 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आलिम अंसारी पुत्र यासीन अंसारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव पेदारी, डाकघर नेकराखेड़ा, तहसील महोली, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। पिछले करीब डेढ़ माह से वह बरठीं में सोहेब हासमी के पास रहकर कार्य कर रहा था। घटना के दिन तबीयत बिगड़ने पर युवक को सिविल अस्पताल बरठीं लाया गया। मेडिकल ऑफिसर सीएचसी बरठीं ने दूरभाष के माध्यम से थाना तलाई को इसकी सूचना दी। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया था, लेकिन एम्स में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

एम्स से मौत की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई के मुंशी मुकेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवगृह में गवाहों उमर पुत्र बुद्धा और सोहेब हासमी की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच और गवाहों के बयानों में यह बात सामने आई है कि अस्पताल में युवक ने स्वयं बताया था कि मानसिक तनाव के कारण उसने जहरीला पदार्थ खाया है। इस मामले में किसी प्रकार की प्रताड़ना या दबाव की कोई बात सामने नहीं आई है। मृतक के परिजनों ने भी किसी व्यक्ति पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है।

बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने एम्स बिलासपुर में मृतक का पोस्टमार्टम करवा लिया है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पुलिस थाना तलाई द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!