Edited By Vijay, Updated: 29 Sep, 2026 05:04 PM

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में घुमारवीं उपमंडल के तहत औहर फोरलेन पर मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां राहियां के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
घुमारवीं (जम्वाल): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में घुमारवीं उपमंडल के तहत औहर फोरलेन पर मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां राहियां के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पिकअप चालक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मंडी जिले का रहने वाला था मृतक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनु (22) पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव नागधार, डाकघर शिवधार, तहसील व जिला मंडी का रहने वाला था। हादसा इतना भयंकर था कि टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक कर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
112 पर मिली सूचना, पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस दुर्घटना की सूचना हैल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से घुमारवीं थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना के समय पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई।
एसपी ने की मामले की पुष्टि
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घुमारवीं पुलिस थाने में इस दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के स्पष्ट कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें