Edited By Vijay, Updated: 29 Apr, 2026 04:13 PM

जिला पुलिस की सदर थाना टीम को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 459.43 ग्राम चरस बरामद की है।
बिलासपुर (बंशीधर): जिला पुलिस की सदर थाना टीम को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 459.43 ग्राम चरस बरामद की है। हालांकि, आरोपी चालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार थाना सदर की टीम बीते शाम पट्टा के समीप फोरलेन पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंडी भराड़ी की ओर से एक कार (HP 34A-4123) वहां पहुंची। पुलिस ने जैसे ही कार को रुकने का इशारा किया, चालक ने घबराहट में वाहन को करीब 50-60 मीटर पीछे सड़क किनारे खड़ा कर दिया और गाड़ी से उतरकर सड़क पार कर भाग निकला।
पुलिस की टीम ने तुरंत उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी काफी शातिर निकला। वह गोविंद सागर झील के किनारे होते हुए फोरलेन टनल नंबर-3 के नीचे जंगल की ओर भागकर ओझल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जंगल में सघन तलाशी अभियान भी चलाया, परंतु घने जंगल का फायदा उठाकर आरोपी बच निकलने में कामयाब रहा। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस टीम ने वापस लौटकर कार की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान कार से 459.43 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक और आरोपी की पहचान कर ली है। एसपी ने दावा किया कि फरार आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। वर्तमान में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें