Edited By Kuldeep, Updated: 26 Aug, 2026 06:35 PM

हिमाचल प्रदेश नर्सिज रजिस्ट्रेशन काऊंसिल शिमला ने एएनएम द्वितीय वर्ष और जीएनएम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं।
शिमला: हिमाचल प्रदेश नर्सिज रजिस्ट्रेशन काऊंसिल शिमला ने एएनएम द्वितीय वर्ष और जीएनएम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की अनुपूरक परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष जीएनएम तृतीय वर्ष का परिणाम सबसे शानदार रहा है। एएनएम द्वितीय वर्ष की परीक्षा में एक छात्रा बैठी थी, जिसने यह परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। जीएनएम प्रथम वर्ष की परीक्षा में 298 छात्राएं बैठी थीं, जिनमें से 251 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है।
परीक्षा का कुल परिणाम 84.2 फीसदी रहा। जीएनएम द्वितीय वर्ष की परीक्षा में 181 छात्राएं शामिल हुईं, जिनमें से 162 छात्राओं ने परीक्षा पास की है। इस वर्ष का कुल परिणाम 89.5 प्रतिशत रहा। जीएनएम तृतीय वर्ष में 104 छात्राओं में से 96 छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसका कुल परिणाम सबसे अधिक 92.3 फीसदी दर्ज किया गया है।
काऊंसिल की रजिस्ट्रार डा. पुष्पा पंवर ने बताया कि जो छात्राएं इस अनुपूरक परीक्षा में किसी कारणवश पास नहीं हो सकी हैं, उनकी दोबारा परीक्षाएं इसी वर्ष नवम्बर माह में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा परिणाम से संबंधित विस्तृत जानकारी काऊंसिल के कार्यालय की आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की पूछताछ या जानकारी के लिए छात्राएं कार्यालय के दूरभाष नंबर 0177-2843320 पर भी संपर्क कर सकती हैं।