Edited By Kuldeep, Updated: 12 Sep, 2026 07:26 PM

लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ब्रिक्स बैठक को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भारत इसकी मेजबानी कर रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है।
शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ब्रिक्स बैठक को भारत के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भारत इसकी मेजबानी कर रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भी ब्रिक्स के प्रयासों का स्वागत करती है और कांग्रेस की सरकारों ने इसे मजबूत करने का प्रयास किया है।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ब्रिक्स बैठक में युवाओं के भविष्य, आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस, आई.टी. और डिफैंस सैक्टर को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बागवानी, आई.टी. हब, बिजली वाहनों और हाईड्रोजन वाहनों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन बिजली और हाईड्रोजन वाहनों के क्षेत्र में काफी आगे है।
ऐसे में इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाने से देश को आर्थिक लाभ मिलने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र रहा है और दोनों देशों के बीच मजबूत डिफैंस पार्टनरशिप रही है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल को भारत-रूस सहयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए कहा कि भविष्य में भी दोनों देशों को आपसी सहमति से रक्षा क्षेत्र में नई पहल करनी चाहिए, जिससे दोनों देशों को लाभ हो।
जिला परिषद चुनाव परिणाम की पार्टी करेगी समीक्षा
शिमला जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनाव में कांटे की टक्कर रही है। पार्टी इस बात का आकलन करेगी कि कहां कमियां रहीं और भविष्य में क्या बेहतर किया जा सकता है। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन को लेकर उन्होंने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि हर्ष महाजन अपनी राजनीतिक पारी के अंतिम समय में हैं और उन्हें अपना राज्यसभा का समय खुशी से बिताना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल अभी करीब 4 वर्ष बाकी है और उसके बाद उन्हें रिटायरमैंट लेनी चाहिए।
प्रदेश में 1,500 से 1,600 करोड़ के नुक्सान का अनुमान
प्रदेश में आपदा से हुए नुक्सान को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार नुक्सान कम हुआ है, लेकिन अभी भी करीब 1,500 से 1,600 करोड़ रुपए के नुक्सान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर-नवम्बर में करीब 800 किलोमीटर सड़कों की टारिंग करवाने का लक्ष्य रखा गया है।