Edited By Kuldeep, Updated: 03 Sep, 2026 08:58 PM

प्रदेश के 26 शिक्षकों को 5 सितम्बर यानी शिक्षक दिवस पर राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें कालेज वर्ग के 2 प्रधानाचार्य, 3 शिक्षक व स्कूल के 21 शिक्षक शामिल हैं।
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश के 26 शिक्षकों को 5 सितम्बर यानी शिक्षक दिवस पर राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें कालेज वर्ग के 2 प्रधानाचार्य, 3 शिक्षक व स्कूल के 21 शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा सचिव की ओर से वीरवार देर शाम को सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची जारी कर दी गई है। इस दौरान कालेज वर्ग में राजकीय महाविद्यालय रामपुर के प्राचार्य डॉ. पंकज और राजकीय महाविद्यालय जुखाला, बिलासपुर के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा को पुरस्कार के लिए चुना गया है। कालेज फैकल्टी वर्ग में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफैसर डॉ. समजीत सिंह ठाकुर, राजकीय महाविद्यालय चम्बा के हिंदी के सहायक प्रोफैसर डॉ. प्रशांत रमन रवि तथा राजकीय महाविद्यालय नादौन के रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफैसर रविकांत शामिल हैं।
वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग की सूची में 21 शिक्षकों एवं प्राचार्यों का चयन किया गया है। सामान्य पुरस्कार श्रेणी में कांगड़ा से तिलक राज, किन्नौर से अजय कुमार, किरण कुमार, राकेश कुमार, संजय कुमार नेगी, मनोज कुमार और इंदर प्रकाश, बिलासपुर से जगदीश कुमार, मंडी से रोहन लाल, हमीरपुर से राकेश सिंह व पूर्णिमा कुमारी, लाहौल-स्पीति से खेछोक जांगपो, शिमला से चमन लाल व लोकिंदर सिंह तथा सिरमौर से सृष्टि शर्मा शामिल हैं। विशेष पुरस्कार श्रेणी में सोलन की रोशनी देवी, शिमला की सारिका आहूजा, बलवंत झौटा और वीरेंद्र चौहान तथा बिलासपुर की स्नेह लता और मंडी के ललित कुमार का चयन हुआ है।