Shimla: सेब के बगीचे में फल-फूल रही थी 'नशे की खेती', अफीम के 1155 पौधों के साथ शातिर गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 05 Jun, 2026 07:03 PM

opium cultivation in apple orchards exposed

हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला जिला की ठियोग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सेब के बगीचे की आड़ में चल रही अवैध अफीम की खेती...

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला जिला की ठियोग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सेब के बगीचे की आड़ में चल रही अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अफीम (डोडा) के 1155 पौधे बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को पुख्ता सूत्रों से सूचना मिली थी कि तहसील ठियोग के तहत आने वाले डाकघर जैस के झल्ली गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए गांव में एक बगीचे में औचक दबिश दी। जब पुलिस ने बगीचे की बारीकी से तलाशी ली तो वहां का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई। सेब के पेड़ों के बीच बेहद शातिर तरीके से अफीम के पौधे उगाए गए थे, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस की पूछताछ में बगीचे का मालिक अफीम की खेती से संबंधित कोई भी वैध परमिट या सरकारी लाइसैंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर ही सभी 1155 पौधों को उखाड़ा, उनकी गिनती की और उन्हें सबूत के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया।

इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सुनील कुमार (37) पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव झल्ली, डाकघर जैस, तहसील ठियोग व जिला शिमला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!