Edited By prashant sharma, Updated: 13 Sep, 2021 11:29 AM

प्रधान डाकघरों के बाद अब डाक मंडल धर्मशाला के उप डाकघरों से भी लोग गंगाजल खरीद रहे हैं। गंगाजल खरीद के लिए डाक विभाग ने डाक मंडल के तहत आते सभी लगभग 61 उप डाकघरों में गंगाजल उपलब्ध करवा दिया है।
धर्मशाला (नवीन) : प्रधान डाकघरों के बाद अब डाक मंडल धर्मशाला के उप डाकघरों से भी लोग गंगाजल खरीद रहे हैं। गंगाजल खरीद के लिए डाक विभाग ने डाक मंडल के तहत आते सभी लगभग 61 उप डाकघरों में गंगाजल उपलब्ध करवा दिया है। हालांकि मंडल के तहत 305 शाखा डाकघरों में यह सुविधा मांग के अनुसार मुहैया हो रही है। डाक मंडल धर्मशाला की बात करें तो 2 प्रधान डाकघर धर्मशाला व पालमपुर हैं जबकि 61 उप डाकघर व 305 शाखा डाकघर हैं। विदित रहे कि गंगाजल सबसे पहले बिक्री के लिए धर्मशाला व पालमपुर के प्रधान डाकघरों में उपलब्ध करवाया गया था। हालांकि शुरूआत में इसकी मांग अधिक थी लेकिन कोरोना काल के उपरांत मांग में थोड़ी कमी आई है। वर्तमान समय में डाकघरों में 100 एम.एल. की बोतल ही उपलब्ध है, जिसकी कीमत करीब 30 रुपए है। उधर डाक मंडल धर्मशाला के डाक अधीक्षक राम तीर्थ शर्मा ने कहा कि प्रधान डाकघरों के अलावा अब उप डाकघरों में भी गंगाजल उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि लोग गंगाजल की 100 एम.एल. की बोतल खरीद सकते हैं। शाखा डाकघरों में भी लोगों की मांग के अनुसार मुहैया करवाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी है कि प्रधान डाकघरों के साथ-साथ उप डाकघरों में इसके लिए प्रचार भी किया जा रहा है। मांग बढ़ाने के लिए शाखा डाकघरों में भी गंगाजल के प्रति लोगों को जानकारी दी जाती है।