Edited By Vijay, Updated: 08 Oct, 2026 07:09 PM

हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक महिला पुलिसकर्मी को बातों में उलझाकर गहने और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सदर की एक विशेष टीम ने इस वारदात के एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है।
ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक महिला पुलिसकर्मी को बातों में उलझाकर गहने और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना सदर की एक विशेष टीम ने इस वारदात के एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इमरान खान निवासी मेरठ के रूप में हुई है, जबकि वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की सरगर्मी से तलाश जारी है।
4 राज्यों में दबिश देने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने पत्रकार वार्ता करते हुए मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पिछले माह शहर के अरविन्द मार्ग पर 2 बाइक सवार युवकों ने एक ऑफ ड्यूटी महिला पुलिसकर्मी को अपनी बातों में उलझाया और उसके गहने व मोबाइल लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर थाना सदर प्रभारी इंस्पैक्टर गौरव भारद्वाज के नेतृत्व में एक स्पैशल टीम का गठन किया। इस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा में कई जगह दबिश दी, जिसके बाद मुख्य आरोपी इमरान खान को मेरठ से कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया गया।
उत्तराखंड से ऑप्रेट करता है गिरोह, बाइकिंग में हैं एक्सपर्ट
एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि यह पूरा गिरोह इसी तरह की लूट और ठगी की वारदातों में सक्रिय है। ये लोग राहगीरों को बातों में उलझाकर गहने और नकदी लेकर फरार हो जाते हैं। इन आरोपियों पर अन्य राज्यों में पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मुख्य रूप से उत्तराखंड से अपना नैटवर्क ऑप्रेट करता है। शिकार की तलाश में ये चंडीगढ़ और नालागढ़ के रास्ते ऊना पहुंचे थे। एसपी ने बताया कि आरोपी सभी वारदातों को बाइकों पर ही अंजाम देते हैं और बाइकिंग में पूरी तरह से एक्सपर्ट हैं। पुलिस अब दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें