Edited By Vijay, Updated: 29 Sep, 2026 06:06 PM

जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिले में मांस, पके हुए भोजन, फास्ट फूड और कुछ अन्य खाद्य वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य निर्धारित कर दिए हैं। 7 अप्रैल को जारी दर सूची की तुलना में इस बार अधिकांश मांस और पके भोजन की दरों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि चाय, समोसा...
धर्मशाला (प्रियंका): जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिले में मांस, पके हुए भोजन, फास्ट फूड और कुछ अन्य खाद्य वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य निर्धारित कर दिए हैं। 7 अप्रैल को जारी दर सूची की तुलना में इस बार अधिकांश मांस और पके भोजन की दरों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि चाय, समोसा और चाउमीन, मोमो व थुकपा की दरें पहले की तरह ही रखी गई हैं। नई दरों के तहत विक्रेता निर्धारित अधिकतम मूल्य से अधिक वसूली नहीं कर सकेंगे। जिला दंडाधिकारी हेमराज बैरवा ने बताया कि बकरा-भेड़ का मांस 550 से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति किलो, सूअर का मांस 275 से बढ़ाकर 300 रुपए, साफ किया हुआ चिकन 220 से बढ़ाकर 240 रुपए और जिंदा चिकन 165 से बढ़ाकर 180 रुपए प्रतिकिलो किया गया है। इसी तरह तली हुई मछली की दर 310 से बढ़ाकर 340 रुपए प्रतिकिलो कर दी गई है। नई सूची में बिना तली मछली की दर 240 रुपए प्रति किलो भी निर्धारित की गई है।
पके भोजन में भी कई वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। फुल डाइट 90 से बढ़ाकर 100 रुपये, फुल प्लेट चावल 55 से 60 रुपए, साधारण दाल 45 से 50 रुपये, दाल फ्राई 65 से 70 रुपए और स्पैशल सब्जी 75 से 80 रुपए कर दी गई है। पालक, मटर पनीर की दर अब 100/110 रुपए प्रति प्लेट होगी, जबकि पहले यह 90/100 रुपए थी। चिकन करी की प्लेट 88 से बढ़कर 95 रुपए और पांच पीस वाली मीट प्लेट 132 से बढ़कर 145 रुपए हो गई है। रोटी और परांठे की दरों में भी संशोधन किया गया है। तंदूरी चपाती 8 से 9 रुपए, तवा चपाती 6 से 7 रुपए, स्टफ्ड परांठा 22 से 30 रुपए और सादा परांठा 17 से 20 रुपए किया गया है। दो पूरी, भटूरा चना-दही की प्लेट अब 55 के बजाय 60 रुपए में मिलेगी। वहीं चाय 15 रुपए और समोसा 15 रुपए प्रति पीस की दर पर ही रहेगा।
फास्ट फूड की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वेज चाउमीन 70/40, नॉन-वेज चाउमीन 80/45, वेज मोमो 80/45, नॉन-वेज मोमो 110/60, वेज थुकपा 70/50 और नॉन-वेज थुकपा 80/55 रुपए फुल/हाफ प्लेट की दर से ही मिलेंगे। नई सूची में दूध और डेयरी उत्पादों की दरें भी निर्धारित की गई हैं। लोकल सप्लाई दूध 60 रुपए और उबला हुआ दूध 70 रुपए प्रति लीटर, पैक्ड दूध सभी ब्रांड का अंकित मूल्य, दही 90 रुपए प्रति किलो और स्थानीय पनीर 360 रुपए प्रति किलो निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने दुकानदारों, ढाबा संचालकों और अन्य विक्रेताओं को प्रतिष्ठानों पर दर सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा निर्धारित दरों से अधिक वसूली नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें