Kangra: दो बच्चों की मां की संदिग्ध परि​​​स्थितियों में टांडा में मौत, अंतिम संस्कार को लेकर मायका पक्ष ने किया हंगामा

Edited By Kuldeep, Updated: 30 Sep, 2026 08:28 PM

nagrota bagwan woman death

पुलिस थाना नगरोटा बगवां के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिहुंड में एक 34 वर्षीय महिला द्वारा कथित तौर पर जहरीली दवा निगलने का मामला सामने आया है।

नगरोटा बगवां (बिशन): पुलिस थाना नगरोटा बगवां के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिहुंड में एक 34 वर्षीय महिला द्वारा कथित तौर पर जहरीली दवा निगलने का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सपना देवी (34) पत्नी विनोद कुमार, निवासी वार्ड नंबर-5, ग्राम पंचायत सिहुंड के रूप में हुई है। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गई है। बेटा दक्ष नौवीं कक्षा तथा बेटी दीवांशी चौथी कक्षा में पढ़ती है। मृतका के पति विनोद कुमार, जो मोहाली में नौकरी करते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में अपने पड़ोसी नितिन पर आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, करीब अढ़ाई वर्ष पहले नितिन और उसकी पत्नी के बीच कथित रूप से संबंध होने की जानकारी उन्हें मिली थी। इसके बाद उन्होंने पंचायत में शिकायत की थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया गया था। विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि समझौते के बाद भी नितिन कथित तौर पर उनके घर आकर दरवाजा खटखटाकर उनकी पत्नी को परेशान करता था। शिकायत के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले भी ऐसा ही हुआ, जिसके बाद उनकी पत्नी ने कथित तौर पर जहरीली दवा निगल ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नितिन को हिरासत में लिया है। महिला का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मामले की पुष्टि डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार ने की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके मायका पक्ष के लोग सिहुंड पहुंचे और वहां हंगामा किया। परिजन इस बात पर अड़ गए कि महिला का अंतिम संस्कार आरोपी बताए जा रहे नितिन के घर पर किया जाए। उनका आरोप था कि नितिन की कथित हरकतों के कारण उनकी बेटी की जान गई। स्थिति की सूचना मिलने पर डीएसपी कांगड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मायका पक्ष को समझाकर शांत करवाया, जिसके बाद महिला का अंतिम संस्कार चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में करवाया गया।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!