Edited By Vijay, Updated: 29 Sep, 2026 12:43 PM

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड के विद्युत उपमंडल नंबर 1, कांगड़ा के उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। आगामी 30 सितम्बर को कांगड़ा शहर और इसके आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।
कांगड़ा (किशोर): हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड के विद्युत उपमंडल नंबर 1, कांगड़ा के उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। आगामी 30 सितम्बर को कांगड़ा शहर और इसके आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती सुबह 10 बजे से शुरू होगी और कार्य के पूरा होने तक जारी रहेगी।
विद्युत उपमंडल कांगड़ा नंबर-1 के सहायक अभियंता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बिजली लाइनों के सुचारू संचालन के लिए लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों की कटाई और सामान्य रखरखाव का कार्य किया जाना है। लाइनों को सुरक्षित रखने और भविष्य में फॉल्ट से बचने के लिए यह कार्य अत्यंत आवश्यक है।
इस आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते उपमंडल नंबर 1 के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख रिहायशी, व्यावसायिक और स्वास्थ्य संस्थानों वाले क्षेत्रों में बिजली गुल रहेगी। प्रभावित होने वाले प्रमुख क्षेत्रों में घुरकड़ी, वीरता, गर्ग कॉलोनी, तारा मंदिर, नटेहड़ और जयंती विहार, फोर्टिस और बालाजी अस्पताल, इंडस्ट्रियल एरिया, न्यू बस स्टैंड और बहुतकनीकी (पॉलिटेक्निक) संस्थान कांगड़ा, जमानाबाद रोड, कॉलेज रोड और टंडन क्लब शामिल हैं।
विद्युत विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह शैड्यूल पूरी तरह से मौसम पर निर्भर करेगा। यदि 30 सितम्बर को मौसम खराब रहता है या कोई अन्य तकनीकी बाधा उत्पन्न होती है, तो यह कार्य निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो सकेगा। ऐसी स्थिति में इस मैंटेनेंस कार्य और बिजली कटौती को आगामी दिन के लिए स्थगित किया जा सकता है।
विभाग ने सभी प्रभावित उपभोक्ताओं, विशेषकर अस्पतालों और व्यावसायिक संस्थानों से अपील की है कि वे इस समयावधि के लिए अपने स्तर पर बिजली का वैकल्पिक प्रबंध कर लें और विभाग को सहयोग दें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें