Edited By Kuldeep, Updated: 09 Jun, 2026 10:23 PM

प्रैक्टीकल प्रशिक्षण लेने आया आईटीआई का एक विद्यार्थी हाई वोल्टेज लाइन पर काम करते हुए झुलस गया है। दुर्घटना में उसका दायां हाथ, बाजू व पेट करंट लगने पर बुरी तरह जल गया है।
नेरचौक: प्रैक्टीकल प्रशिक्षण लेने आया आईटीआई का एक विद्यार्थी हाई वोल्टेज लाइन पर काम करते हुए झुलस गया है। दुर्घटना में उसका दायां हाथ, बाजू व पेट करंट लगने पर बुरी तरह जल गया है। जानकारी के अनुसार बल्ह उपमंडल के रिवालसर क्षेत्र के चढ़ी गांव के एक गरीब परिवार से संबंधित आईटीआई प्रशिक्षु निखिल चौहान पुत्र जीवन लाल आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात विद्युत विभाग में एक वर्ष का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण लेने हेतु पिछले लगभग 8 महीनों से विद्युत विभाग के शिकायत कक्ष गलमा में कार्यरत था।
किसी की शिकायत पर जब वह विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी के कहने पर फ्यूज लगाने ट्रांसफार्मर पर चढ़ा तो मुरम्मत करते समय उसे करंट लग गया। स्थानीय लोगों द्वारा बेहोशी की हालत में उक्त युवक को रत्ती अस्पताल पहुंचाया गया तथा वहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे मैडीकल कालेज नेरचौक ले जाया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार है।
एसडीओ नेरचौक राजेश कुमार का कहना है कि विभाग में लाइन स्टाफ की कमी चल रही है, जिसके चलते आपात स्थिति में इस ट्रेंड युवक ने फ्यूज लगाया। युवक ने फ्यूज पूरी तरह से लगा भी दिया था, मगर इसी बीच अचानक एक पक्षी के आ जाने और लाइन से टकरा जाने के कारण अर्थिंग हो गई, जिससे यह दुर्घटना घटी। घायल युवक अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी हालत बिल्कुल ठीक है।