Edited By Kuldeep, Updated: 14 Sep, 2026 05:53 PM

सोमवार सुबह पॉलीटैक्नीक कॉलेज सुंदरनगर के सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के तृतीय सैमेस्टर में पढ़ने वाले 16 वर्षीय प्रशिक्षु छात्र अनुज मेहरा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
सुंदरनगर (सोढी): सोमवार सुबह पॉलीटैक्नीक कॉलेज सुंदरनगर के सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के तृतीय सैमेस्टर में पढ़ने वाले 16 वर्षीय प्रशिक्षु छात्र अनुज मेहरा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। छात्र अपने पीजी के कमरे में सोमवार तड़के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मैडीकल कॉलेज नेरचौक रैफर किया गया। मैडीकल काॅलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र की पहचान अनुज मेहरा पुत्र जय प्रकाश निवासी गांव व डाकघर लरोट, तहसील चिड़गांव व जिला शिमला के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह अनुज के साथ पीजी में रहने वाले छात्रों ने काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने प्रबंधन को इस बारे में सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद दरवाजा खोला गया तो अनुज अंदर फंदे से लटका मिला। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया इसको लेकर स्थिति अभी साफ नहीं हुई है और कोई सुसाइड नोट भी अब तक नहीं मिला है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।