Edited By Kuldeep, Updated: 20 Sep, 2026 12:01 PM

थाना सुंदरनगर पुलिस ने तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए चोरी और गुम हुए 10 मोबाइल फोन ट्रेस करने में सफलता हासिल की है।
सुंदरनगर (सोढी): थाना सुंदरनगर पुलिस ने तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए चोरी और गुम हुए 10 मोबाइल फोन ट्रेस करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन के आईएमईआई नम्बर की निगरानी कर इन उपकरणों को ट्रेस किया। एस.पी. विनोद कुमार ने बताया कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन में दोबारा सिम डालकर इस्तेमाल किए जाने पर उनके नैटवर्क पर सक्रिय होने की जानकारी सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच को आगे बढ़ाते हुए चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
थाना सुंदरनगर के दल ने चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी कमलकांत के नेतृत्व में सब इंस्पैक्टर अश्वनी ठाकुर, कांस्टेबल कश्मीर सिंह और नोडल अधिकारी कांस्टेबल संजू ने संबंधित मोबाइल फोन के आईएमईआई नम्बर सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज जानकारी के आधार पर निगरानी में रखे। पुलिस के अनुसार प्रत्येक मोबाइल फोन का एक विशिष्ट आईएमईआई नम्बर होता है।
मोबाइल गुम या चोरी होने पर इस नंबर के माध्यम से सीईआईआर प्रणाली में शिकायत दर्ज कर डिवाइस को ब्लॉक कराया जा सकता है। बाद में यदि कोई व्यक्ति उसमें दूसरी सिम डालकर उसका इस्तेमाल करता है तो नैटवर्क पर डिवाइस के सक्रिय होने की जानकारी पुलिस तक पहुंच सकती है। थाना सुंदरनगर पुलिस ने इसी तकनीकी प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग मामलों से जुड़े 10 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद कर लिए हैं और उन्हें शनिवार को मूल मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।