Edited By Vijay, Updated: 28 May, 2026 07:54 PM

मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई 32 वर्षीय महिला तारा देवी की तलाश में अब एनडीआरएफ ने सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में सर्च अभियान तेज कर दिया है।
सुंदरनगर (सोढी): मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुई 32 वर्षीय महिला तारा देवी की तलाश में अब एनडीआरएफ ने सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में सर्च अभियान तेज कर दिया है। वीरवार को एनडीआरएफ की 2 टीमों ने जलाशय में लगातार अभियान चलाते हुए पानी में महिला की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार बल्ह पुलिस थाना क्षेत्र के मंदिर टांडा इलाके की निवासी तारा देवी बीती 26 मई की रात से घर से लापता है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई। परिवार को आशंका है कि महिला ने बीएसएल नहर में छलांग लगा दी हो सकता है। महिला के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। तारा देवी अपने पीछे 7 वर्षीय बेटे और 10 वर्षीय बेटी को छोड़ गई है। मां के गायब होने के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी चिंता और तनाव में हैं। गांव में भी घटना के बाद शोक और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वीरवार को एनडीआरएफ की टीम ने सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में व्यापक सर्च ऑप्रेशन चलाया। टीमें जलाशय में लगातार तलाश अभियान में जुटी हुई हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिला पाई है। एनडीआरएफ के सर्च अभियान के दौरान जलाशय किनारे बड़ी संख्या में महिला के रिश्तेदार एनडीआरएफ पर टकटकी लगाए रहे, लेकिन कोई सुराग न लग पाने पर वे निराश नजर आए। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। महिला की तलाश के लिए एनडीआरएफ की सहायता ली गई है तथा बीएसएल जलाशय और नहर में सर्च अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें